raibarexpress Blog उत्तराखंड पहली बार अमेरिका में रिलीज होगी गढ़वाली फिल्म “रैबार”, 19 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक..
उत्तराखंड

पहली बार अमेरिका में रिलीज होगी गढ़वाली फिल्म “रैबार”, 19 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक..

पहली बार अमेरिका में रिलीज होगी गढ़वाली फिल्म “रैबार”, 19 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक..

 

उत्तराखंड: गढ़वाली सिनेमा प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गढ़वाली भाषा की फिल्म “रैबार” (यानी कि संदेश) आगामी 19 सितंबर 2025 को उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म गढ़वाली दर्शकों के लिए तो खास है ही, साथ ही उत्तराखंड की पहली ऐसी गढ़वाली फिल्म भी बन गई है जिसका प्रदर्शन अमेरिका में भी एकसाथ किया जाएगा। इस फिल्म का निर्माण किनोस्कोप फिल्म्स द्वारा किया गया है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी शिशिर उनियाल ने संभाली है। गढ़वाली संस्कृति, भाषा और सामाजिक संदेशों को दर्शाने वाली यह फिल्म न सिर्फ राज्य के दर्शकों बल्कि प्रवासी उत्तराखंडियों के बीच भी खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। “रैबार” के जरिए गढ़वाली फिल्म इंडस्ट्री एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। उत्तराखंड के सिनेमा प्रेमियों को जहां लंबे समय से अपनी भाषा और संस्कृति पर आधारित बड़ी फिल्म का इंतजार था, वहीं अब यह फिल्म उनके लिए गर्व का विषय बन सकती है।फिल्म समीक्षकों का मानना है कि “रैबार” का अमेरिका में भी प्रदर्शन होना गढ़वाली भाषा और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

गढ़वाली भाषा की बहुप्रतीक्षित फिल्म “रैबार” (हिन्दी अर्थ- संदेश) उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि यह फिल्म उत्तराखंड की पहली गढ़वाली फिल्म होगी, जिसका प्रदर्शन अमेरिका में भी इसी दिन किया जाएगा। फिल्म “रैबार” हिमालय की गोद में बसे पिपलकोटी, उत्तराखंड के एक छोटे पहाड़ी गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह कहानी 34 वर्षीय डाकिया पुष्कर सिंह बिष्ट के जीवन संघर्षों को दर्शाती है। पिता से मनमुटाव और अधूरी ख्वाहिशों से भरे जीवन में उसे एक दिन डाकघर में सात साल पुराना अधूरा पत्र मिलता है। यही पत्र उसकी जिंदगी को नई दिशा देता है। यह यात्रा सिर्फ एक चिट्ठी पहुंचाने की नहीं बल्कि क्षमा, रिश्तों और आत्म-खोज की गहरी तलाश की मार्मिक दास्तान है। कहानी दर्शकों को अपने भीतर झांकने और टूटे रिश्तों को जोड़ने का संदेश देती है। फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें सुनील सिंह, सुमन गौड़, श्रीष डोभाल, राजेश नौगाईं, मोहित घिल्डियाल, सृष्टि रावत और धर्मेन्द्र चौहान जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म के संगीत को विशेष पहचान मिलने वाली है। इसमें पारंपरिक गढ़वाली लोकधुनों और आधुनिक संगीत का सुंदर संगम है। संगीतकार राजेंद्र चौहान, गीतकार डॉ. सतीश कलेश्वरी और संगीत निर्देशक विभू काशिव ने मिलकर इसे तैयार किया है। गानों को रोहित चौहान और कैलाश कुमार ने अपनी आवाज़ दी है। 2 घंटे 14 मिनट की गढ़वाली ड्रामा ये फिल्म 19 सितंबर 2025 को रिलीज हो रही है। उत्तराखंड ही नहीं बल्कि दिल्ली-एनसीआर और विदेशों में बसे उत्तराखंडी लोग इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। “रैबार” के जरिए न सिर्फ गढ़वाली सिनेमा को नई पहचान मिलेगी बल्कि प्रदेश की भाषा, संस्कृति और संगीत को भी एक वैश्विक मंच पर सम्मान मिलेगा।

 

 

Exit mobile version