October 1, 2026
उत्तराखंड

आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर जोर, मंत्री ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा..

आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर जोर, मंत्री ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा..

 

 

उत्तराखंड: बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से नरेंद्रनगर विधानसभा के ओणी गांव में स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम में पहुंचकर किशोरियों, माताओं और बच्चों से बातचीत की तथा केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लाभार्थियों से उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका केवल बच्चों को पोषण और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। ये केंद्र मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तिकरण और परिवारों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बच्चों के साथ भोजन किया, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
कार्यक्रम में रेखा आर्या ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी कराई गई। केंद्र से जुड़े लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सहायिका को सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित बचपन प्रदेश के बेहतर भविष्य की आधारशिला है। इसके लिए बच्चों को पौष्टिक आहार, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ माताओं और किशोरियों को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ना जरूरी है।

स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं
रेखा आर्या ने ओणी स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के विकास के लिए बेहतर माहौल तैयार करने में मददगार साबित हो सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित महिला एवं बाल विकास, पोषण, स्वास्थ्य और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और कोई भी पात्र परिवार योजनाओं से वंचित न रहे।

इन लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
महालक्ष्मी किट से सुषमा, गंगा, रेशमा और मनीषा लाभान्वित हुईं। वहीं गर्भवती महिलाओं में काजल, प्रिया और पुष्पा को योजना का लाभ दिया गया।

किशोरी बालिका योजना के तहत काजल, निधि, श्वेता, वैष्णवी और शिया को लाभ मिला।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनवाड़ी कार्यकत्री आरती देवी और सहायिका पूनम को सम्मानित किया गया।

महिला और बाल विकास पर जोर
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिला एवं बाल विकास, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का संचालन कर रही हैं। ‘आंगन का मिलन’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को समझने और योजनाओं के क्रियान्वयन को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से लैस कर बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम जारी रहेगा। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौतम, सीडीपीओ संगीता परिहार, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, ग्राम प्रधान दीपक, सुपरवाइजर किरण राणा, सीमा देवी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, माताएं, किशोरियां और बच्चे मौजूद रहे।

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X