November 17, 2026
उत्तराखंड

सिल्क्यारा रेस्क्यू की वर्षगांठ पर बड़ा आयोजन, उत्तराखंड के 13 जिलों में एकसाथ होगी मॉक ड्रिल..

सिल्क्यारा रेस्क्यू की वर्षगांठ पर बड़ा आयोजन, उत्तराखंड के 13 जिलों में एकसाथ होगी मॉक ड्रिल..

 

उत्तराखंड: सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के मौके पर उत्तराखंड में 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के सभी 13 जिलों में बड़े स्तर पर राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि पहली बार प्रदेश में एक साथ करीब 250 से 300 स्थानों पर आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान राज्य स्तर से लेकर तहसील स्तर तक विभिन्न विभाग राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन करेंगे। मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें संबंधित विभागों और सभी जिलों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में मॉक ड्रिल की रूपरेखा, विभागों की जिम्मेदारियों और आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

25 नवंबर से शुरू होंगे आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यक्रम
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई है। इसके तहत 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न जागरूकता और अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को सभी जिलों में टेबल टॉप एक्सरसाइज होगी। इसमें अलग-अलग आपदा परिस्थितियों को सामने रखकर संबंधित विभाग अपनी तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों, संचार व्यवस्था और राहत-बचाव की कार्ययोजना पर अभ्यास करेंगे। इसके बाद 28 नवंबर को बड़े पैमाने पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियां तैयार कर बचाव और राहत कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।

भूकंप, बादल फटने और ग्लेशियल झील से बाढ़ तक का अभ्यास
उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को देखते हुए मॉक ड्रिल के लिए कई तरह के परिदृश्य तैयार किए गए हैं। इसमें ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ), बादल फटना, अचानक बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, हिमस्खलन और अतिवृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा नदियों का जलस्तर बढ़ने, जंगलों में आग लगने, टनल में दुर्घटना, सड़क हादसे, भवन ढहने और औद्योगिक दुर्घटनाओं जैसी परिस्थितियों में भी राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास होगा। मॉक ड्रिल के दौरान हेली इमरजेंसी लैंडिंग, बांध या जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने, बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं, रासायनिक हादसों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी भी परखी जाएगी। बड़े स्तर पर यात्रियों के फंसने की स्थिति में बचाव अभियान चलाने का अभ्यास भी किया जाएगा।

एसडीआरएफ से लेकर एनसीसी और स्थानीय लोग भी होंगे शामिल
सचिव आपदा प्रबंधन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मॉक ड्रिल पूरी गंभीरता से कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान बेहतर समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अभ्यास में एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, पेयजल और विद्युत विभाग के साथ नगर निकायों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा एनडीआरएफ, आईटीबीपी, एनसीसी, एनएसएस, आपदा मित्र, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय समुदाय भी इस अभियान का हिस्सा बनेंगे।

आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने की कवायद
इस व्यापक मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और बचाव एजेंसियों की तैयारियों को जांचना है। इसके माध्यम से यह भी देखा जाएगा कि अलग-अलग विभाग आपदा के समय किस तरह एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाकर काम करते हैं। उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि और अचानक बाढ़ जैसी घटनाओं से निपटने के लिए तैयार रहना बेहद जरूरी है। ऐसे में 28 नवंबर को होने वाला यह अभ्यास प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field

    X