November 16, 2026
उत्तराखंड

बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने की तैयारी, 2,237 स्कूलों समेत आंगनबाड़ी केंद्रों में चलेगा अभियान

बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने की तैयारी, 2,237 स्कूलों समेत आंगनबाड़ी केंद्रों में चलेगा अभियान..

 

 

 

उत्तराखंड: बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने और उनके बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग 18 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाएगा। इस दौरान जिले में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,22,663 बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान के तहत जिले के 2,237 विद्यालयों, 1,857 आंगनबाड़ी केंद्रों और 47 व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में बच्चों को कृमिनाशक दवा दी जाएगी। जो बच्चे किसी वजह से निर्धारित तिथि पर दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉपअप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।

स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाई गई दवाएं
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि अभियान के लिए विकासखंड स्तर पर एल्बेंडाजोल की दवाओं का वितरण कर दिया गया है। इसके अलावा विद्यालयों के प्रबंधन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं को भी आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा इस अभियान से छूटने न पाए।

बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर पड़ता है संक्रमण का असर
सीएमओ डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि साफ-सफाई की कमी के चलते बच्चों में कृमि संक्रमण होने की आशंका रहती है। यह संक्रमण शरीर में खून की कमी और कुपोषण जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है। इसके साथ ही बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में थकान, चिड़चिड़ापन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां देखने को मिल सकती हैं। इसका असर उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों पर भी पड़ता है। एल्बेंडाजोल कृमि संक्रमण से बचाव के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवा है और इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग हर साल राष्ट्रीय स्तर पर यह अभियान चलाता है।

अभिभावकों से बच्चों को दवा खिलाने की अपील
मुख्य चिकित्साधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की साफ-सफाई और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। 18 नवंबर को अपने बच्चों को निर्धारित अभियान के तहत एल्बेंडाजोल की दवा जरूर दिलवाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए अभिभावकों का सहयोग बेहद जरूरी है।

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field

    X