उत्तराखंड से सोमनाथ धाम के लिए आस्था की रेल चली, सीएम धामी ने किया शुभारंभ..
उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की पहल पर आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का सोमवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए रवाना किया। इस विशेष धार्मिक यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 720 श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर सीएम ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं न केवल आस्था को सशक्त बनाती हैं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से भी लोगों का जुड़ाव बढ़ाती हैं।
श्रद्धालुओं को मिलेंगी सभी आवश्यक सुविधाएं
संस्कृति विभाग की ओर से यात्रा को सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, स्वच्छ पेयजल, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ तथा पैक्ड नारियल पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही चिकित्सा सहायता और यात्रा समन्वय के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उत्तराखंड सरकार का मानना है कि सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा जैसी पहलें धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी मजबूत करेंगी। सोमनाथ मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है और इसकी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता विशेष है। ऐसे में इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को देश की सांस्कृतिक विरासत से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
प्रदेशभर से पहुंचे श्रद्धालु
विशेष ट्रेन में सवार श्रद्धालु उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से चयनित किए गए हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पारंपरिक उत्साह और धार्मिक माहौल के बीच ट्रेन को विधिवत रवाना किया गया। सरकार की इस पहल को प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यात्रा के सफल संचालन के लिए संस्कृति विभाग, रेलवे प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि पूरी यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।


Leave feedback about this