उत्तराखंड में जनगणना-2027 का दूसरा चरण शुरू..
सीएम धामी ने ऑनलाइन दर्ज कराया परिवार का विवरण..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर अपने परिवार के साथ जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया में हिस्सा लिया। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से जुड़ी जरूरी जानकारियां दर्ज कर जनगणना अभियान में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से भी निर्धारित समय के भीतर स्व-गणना पूरी करने की अपील की। सीएम ने कहा कि जनगणना से मिलने वाले आंकड़े उत्तराखंड के विकास की भावी योजनाओं को तैयार करने में अहम आधार बनेंगे। राज्य की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं। ऐसे में पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों की वास्तविक जनसंख्या का सटीक विवरण जुटाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को जरूरत के मुताबिक विकसित करने के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या के विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध होना आवश्यक है। इससे सरकार को विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित करने और संसाधनों का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
डिजिटल तकनीक से आसान होगी जनगणना प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल एक महत्वपूर्ण कदम है। स्व-गणना की ऑनलाइन सुविधा से लोग अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे नागरिकों की प्रत्यक्ष भागीदारी बढ़ेगी और आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया भी सुविधाजनक बनेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि जनगणना के दौरान मांगी गई सभी जानकारियां सही तरीके से उपलब्ध कराएं। साथ ही घर-घर सर्वे के लिए पहुंचने वाले प्रगणकों को पूरा सहयोग दें। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रत्येक परिवार की भागीदारी से ही जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनगणना से प्राप्त जानकारी राज्य की मौजूदा जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को समझने में मददगार होगी। इन आंकड़ों के आधार पर आगामी वर्षों में विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।
16 नवंबर से शुरू हुई ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा
जनगणना-2027 के दूसरे चरण में उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल स्व-गणना की व्यवस्था की गई है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाने का आग्रह किया।




Leave feedback about this