July 28, 2026
उत्तराखंड

धामी सरकार की हरित पहल, स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को मिली रफ्तार..

धामी सरकार की हरित पहल, स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को मिली रफ्तार..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार राज्य में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत चयनित लाभार्थियों को पूंजीगत अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वच्छ ईंधन आधारित 11 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। कार्यक्रम में सीएम ने छह प्राथमिक लाभार्थी वाहन स्वामियों को औपचारिक रूप से सब्सिडी चेक प्रदान किए। वहीं परिवहन विभाग ने जानकारी दी कि पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी और स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, जिन्हें जल्द ही योजना का लाभ मिलेगा।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी परिवहन प्रणाली विकसित करना है, जिससे प्रदूषण कम हो और आम लोगों को सुरक्षित तथा बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके। सीएम ने कहा कि स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को बढ़ावा मिलने से विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में डीजल चालित वाहनों पर निर्भरता कम होगी। इससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी, कार्बन उत्सर्जन घटेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए राज्य सरकार हरित ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौती का सामना कर रही है। ऐसे समय में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना प्रत्येक सरकार की जिम्मेदारी है। विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब वह प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करे। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा और सतत विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य, लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (LiFE) अभियान, पीएम ई-बस सेवा और सौर ऊर्जा सहित अक्षय ऊर्जा स्रोतों के विस्तार जैसी अनेक पहलें पर्यावरण संरक्षण के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उत्तराखंड भी इन राष्ट्रीय प्रयासों के अनुरूप राज्य में स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन और पर्यावरण हितैषी नीतियों को तेजी से लागू कर रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के माध्यम से प्रदेश में इलेक्ट्रिक और अन्य स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे न केवल प्रदूषण कम होगा, बल्कि परिवहन क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का उपयोग भी बढ़ेगा और लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। सीएम ने उम्मीद जताई कि इस नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवहन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत करेगा। उन्होंने लाभार्थियों से भी अपील की कि वे स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।कार्यक्रम में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और योजना के लाभार्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर सरकार ने दोहराया कि आने वाले समय में भी स्वच्छ ऊर्जा, हरित विकास और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए नई योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्रदेश के सतत विकास को भी गति मिल सके।

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X