August 21, 2026
Uncategorized

टिहरी-चमोली में उद्यमशाला योजना का प्रचार तेज, जागरूकता वाहन को किया गया फ्लैग ऑफ..

टिहरी-चमोली में उद्यमशाला योजना का प्रचार तेज, जागरूकता वाहन को किया गया फ्लैग ऑफ..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत चौपाल-2026 का आयोजन किया गया। टिहरी गढ़वाल में हुए कार्यक्रम में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किया गया, जबकि योजना के प्रचार और ग्रामीण क्षेत्रों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए जागरूकता वाहन को रवाना किया गया। चमोली में भी एमएसएमई चौपाल के दौरान जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाई गई। टिहरी गढ़वाल में आयोजित चौपाल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और ग्रामीण उद्यमियों को संभावित खरीदारों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम के दौरान क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में उद्यमियों को बाजार की जरूरतों और उत्पादों की बिक्री से जुड़े अवसरों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत संचालित विभिन्न उद्यमों के प्रचार-प्रसार के लिए उद्यम आईईसी एवं प्रचार वाहन को भी रवाना किया गया। अधिकारियों के मुताबिक वाहन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी और लोगों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए उपलब्ध सहायता के बारे में बताया जाएगा। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष विनोद उनियाल, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

चमोली में भी निकला जागरूकता वाहन
चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में एमएसएमई चौपाल आयोजित की गई। यहां योजना की जानकारी देने के साथ जनजागरूकता वाहन को रवाना किया गया। वाहन 21 अगस्त से एक सितंबर तक जिले के विभिन्न विकासखंडों और न्याय पंचायत क्षेत्रों में पहुंचेगा।कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी का संबोधन वर्चुअल माध्यम से सुना गया। चौपाल में युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी दी गई।

आवेदन से लेकर बाजार तक मिलेगी जानकारी
जागरूकता वाहन के जरिए ग्रामीणों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और वित्तीय सहायता के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उद्यम पंजीकरण, उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बाजार से जोड़ने के तरीकों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय संसाधनों और क्षेत्र की जरूरत के आधार पर नए उद्यम शुरू करने के लिए इच्छुक लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रचार वाहन गोपेश्वर, मंडल, चमोली, बिरही, हेलंग, जोशीमठ, तपोवन, नंदप्रयाग, घाट, कर्णप्रयाग, सिमली, नारायणबगड़, थराली, देवाल, गैरसैंण, मेहलचौरी और पोखरी समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगा।

छह लाख की सहायता का चेक सौंपा
चौपाल के दौरान हरियाली स्वायत्त सहकारिता के सहयोग से अंजलि देवी को उद्यम शुरू करने और हिलांस भोजनालय के संचालन के लिए छह लाख रुपये की सहायता का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही उद्यान, कृषि, उद्योग, मत्स्य और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं, अनुदान और सब्सिडी की जानकारी दी। कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री हरक सिंह और प्रेम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और युवा मौजूद रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इन चौपालों के जरिए सरकार का फोकस स्थानीय संसाधनों और हुनर को कारोबार से जोड़ने के साथ उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने पर है। जागरूकता वाहनों के जरिए योजना की जानकारी दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचने से स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X