पिथौरागढ़ से बॉलीवुड तक का सफर, ‘काला हिरण’ के टीजर में छाए प्रकाश जोशी..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से निकलकर अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके अभिनेता प्रकाश जोशी अब बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘काला हिरण’ में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद उनके किरदार को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। उत्तराखंड के लोगों के साथ-साथ फिल्म जगत में भी उनके इस नए प्रोजेक्ट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसे प्रकाश जोशी के अब तक के अभिनय करियर का सबसे बड़ा अवसर माना जा रहा है। फिल्म के टीजर में प्रकाश जोशी की प्रभावशाली झलक देखने को मिली है। जानकारी के अनुसार, वह फिल्म में कथित गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी ‘काली’ का किरदार निभा रहे हैं। उनका लुक और स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। टीजर सामने आने के बाद पिथौरागढ़ सहित पूरे उत्तराखंड में उनके प्रशंसकों के बीच खुशी का माहौल है।
बताया जा रहा है कि फिल्म ‘काला हिरण’ वर्ष 1998 में राजस्थान के कांकाणी क्षेत्र में हुए चर्चित काले हिरण शिकार प्रकरण की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह मामला उस समय पूरे देश में चर्चा का विषय बना था और इसमें अभिनेता सलमान खान समेत कई फिल्मी हस्तियों के नाम भी सामने आए थे। हालांकि फिल्म की कहानी और पात्रों को लेकर अंतिम रूप निर्माता और निर्देशक द्वारा तय किया गया है। इस फिल्म में प्रकाश जोशी के साथ बॉलीवुड के अनुभवी कलाकार मुकेश तिवारी, गोविंद नामदेव और कमलेश सावंत भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इन वरिष्ठ कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करना प्रकाश जोशी के करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
प्रकाश जोशी की अभिनय यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पिथौरागढ़ की स्थानीय रामलीलाओं से की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली की प्रतिष्ठित रामलीलाओं में अभिनय किया, जहां उनकी करीब छह फीट पांच इंच लंबी कद-काठी और दमदार मंचीय प्रस्तुति ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। कुंभकरण की भूमिका में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली और इसका प्रसारण कई धार्मिक टीवी चैनलों पर भी किया गया, जिससे उन्हें व्यापक पहचान हासिल हुई। बॉलीवुड में कदम रखने से पहले प्रकाश जोशी कई डिजिटल प्रोजेक्ट्स में भी अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन कर चुके हैं। वे वेब सीरीज ‘ठसक’ और ‘कर्ण पिशाचिनी’ में नकारात्मक और रहस्यमयी किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर चुके हैं। इसके अलावा दक्षिण भारतीय फिल्म ‘खजूर’ में भी उन्होंने विलेन की भूमिका निभाई, जिसे दर्शकों ने पसंद किया।
प्रकाश जोशी इन दिनों अपनी आगामी वर्टिकल सीरीज ‘माइकल का बदला’ की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। इस प्रोजेक्ट में वह दीपक मल्होत्रा नाम का किरदार निभा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीरीज में उनके साथ अभिनेत्री रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी भी नजर आ सकती हैं। पिथौरागढ़ जैसे सीमांत क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले प्रकाश जोशी आज उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर छोटे शहरों से निकलकर भी फिल्म इंडस्ट्री में बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।


Leave feedback about this