February 10, 2026
उत्तराखंड

किमतोली-तल्ला देश में डीएम का जनसंवाद, 600 से अधिक लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान..

किमतोली-तल्ला देश में डीएम का जनसंवाद, 600 से अधिक लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान

 

 

उत्तराखंड: चंपावत जिले के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक शासन-प्रशासन की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा बहुउद्देशीय जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया। किमतोली और तल्ला देश क्षेत्रों में आयोजित इन शिविरों में सैकड़ों ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ मिला। तल्ला देश क्षेत्र में स्वयं जिलाधिकारी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अधिकतर मामलों में तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों को राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

शिविर के माध्यम से राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, आपूर्ति, पंचायती राज, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को प्रमाण पत्र, योजनाओं का लाभ और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया गया। तल्ला देश क्षेत्र में आयोजित शिविर से 600 से अधिक स्थानीय नागरिक लाभान्वित हुए। वहीं किमतोली क्षेत्र में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। जिला प्रशासन की ओर से यहां भी सैकड़ों लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जिले में संचालित प्रमुख विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की और आश्वासन दिया कि दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। शिविर के दौरान सामाजिक दायित्व के तहत रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से 35 जरूरतमंदों को कंबलों का वितरण भी किया गया, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिल सके।

इसके अतिरिक्त न्याय पंचायत सिमियाउरी स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, तामली में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत आयोजित जनसेवा शिविर में भी सैकड़ों लोगों ने सहभागिता की। इस शिविर में कुल 635 से अधिक नागरिक विभिन्न विभागीय सेवाओं से लाभान्वित हुए। मौके पर 22 से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिकायत निवारण के तहत शिविर में प्राप्त 65 शिकायतों में से 39 का मौके पर ही मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती द्वारा समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन द्वारा 50 से 52 किलोमीटर दूर दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचकर समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं सीएम पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर हो जाता है।

 

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X