raibarexpress Blog उत्तराखंड रक्षा प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार देहरादून, 13 सितंबर को CDS और NDA-NA का एग्जाम..
उत्तराखंड

रक्षा प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार देहरादून, 13 सितंबर को CDS और NDA-NA का एग्जाम..

रक्षा प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार देहरादून, 13 सितंबर को CDS और NDA-NA का एग्जाम..

 

 

उत्तराखंड: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित होने वाली कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) और नेशनल डिफेंस एकेडमी एवं नेवल एकेडमी (NDA-NA) परीक्षा के लिए देहरादून में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों परीक्षाएं 13 सितंबर 2026 को जिले के 54 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने केंद्र व्यवस्थापकों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का फोकस परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न होने देने पर है।

21 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

देहरादून में इस बार CDS परीक्षा के लिए 8,001 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। वहीं NDA और NA परीक्षा में 13,797 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए प्रशासन ने सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से UPSC की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा आयोजित कराने और सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा से एक दिन पहले व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान बिजली, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं की जांच की जाएगी। परीक्षा सामग्री से जुड़े सीलबंद बॉक्स केंद्रों पर पहुंचने के बाद उनकी संख्या और विवरण भी निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने होंगे। अधिकारियों को परीक्षा सामग्री की सुरक्षा और उसके रखरखाव को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

तीन पालियों में होगी CDS परीक्षा

CDS परीक्षा को तीन अलग-अलग पालियों में आयोजित किया जाएगा।

पहली पाली: सुबह 9 बजे से 11 बजे तक
दूसरी पाली: दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक
तीसरी पाली: शाम 4 बजे से 6 बजे तक

वहीं NDA और NA की परीक्षा दो पालियों में होगी।

पहली पाली: सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
दूसरी पाली: दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में UPSC के अधिकारियों ने परीक्षा संचालन से जुड़े नियमों और जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और सभी केंद्रों पर परीक्षा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाए। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

Exit mobile version