raibarexpress Blog उत्तराखंड अधिवक्ताओं के लिए बनेगा आधुनिक प्रोफेशनल ऑफिस भवन..
उत्तराखंड

अधिवक्ताओं के लिए बनेगा आधुनिक प्रोफेशनल ऑफिस भवन..

अधिवक्ताओं के लिए बनेगा आधुनिक प्रोफेशनल ऑफिस भवन..

डीएम ने दिए जल्द प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश..

 

 

उत्तराखंड: देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के लिए प्रस्तावित प्रोफेशनल ऑफिस भवन की योजना को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में भवन के डिजाइन से लेकर पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था तक कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। एमडीडीए की ओर से बताया गया कि प्रस्तावित भवन के लिए 8,881.28 वर्गमीटर जमीन का सर्वे पूरा कर लिया गया है। योजना के तहत ग्राउंड फ्लोर के अलावा सात मंजिलों का निर्माण प्रस्तावित है। भवन में अधिवक्ताओं के लिए 10×10 के चैंबर बनाए जाएंगे।

पार्किंग से लेकर प्रवेश-निकास तक की योजना

भवन के डिजाइन में अधिवक्ताओं के साथ आम लोगों की सुविधा को भी ध्यान में रखा गया है। इसमें पार्किंग, प्रवेश और निकासी की व्यवस्था के साथ लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए जरूरी सुविधाएं शामिल की गई हैं। बैठक के दौरान भवन के सर्वे प्लान, साइट प्लान, क्षेत्रफल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी समीक्षा की गई।

फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन के अंतिम डिजाइन में फायर सेफ्टी, इमरजेंसी एग्जिट और लिफ्ट सिस्टम का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि भवन में अधिवक्ताओं के अलावा आम लोगों की भी आवाजाही होगी, इसलिए सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी तकनीकी पहलुओं को शामिल करते हुए भवन का फाइनल प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में एमडीडीए के अधिशासी अभियंता एसएस रावत, सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Exit mobile version