रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए CM धामी का बड़ा ऐलान, मुफ्त सफर से पिंक ई-बस तक सौगात..
उत्तराखंड: रक्षाबंधन के मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। सरकार की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को ध्यान में रखते हुए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की उम्र सीमा घटाने से लेकर पिंक ई-बस और हाईटेक टॉयलेट की सुविधा विकसित करने का ऐलान किया गया है। सीएम ने घोषणा की कि अब 60 वर्ष की महिलाएं उत्तराखंड रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इससे पहले प्रदेश में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को यह सुविधा मिल रही थी। सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की पात्रता की उम्र को पांच साल कम करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से प्रदेश की बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सफर के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
महिलाओं के लिए चलेंगी पिंक ई-बसें
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून के लिए एक विशेष पहल की भी घोषणा की है। देहरादून में संचालित होने वाली 100 इलेक्ट्रिक बसों में से 10 बसों को पिंक ई-बस के रूप में महिलाओं को समर्पित किया जाएगा। सीएम ने कहा कि इस सुविधा का दायरा आगे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में भी बढ़ाया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सीएम ने महिला स्वरोजगार योजना के तहत मिलने वाले रियायती बैंक ऋण की सीमा बढ़ाने की घोषणा भी की है। अब यह सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये कर दी गई है। सीएम ने कहा कि महिलाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए जरूरी आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उद्देश्य महिलाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार उपलब्ध कराने में सक्षम बनाना है।
महिलाओं के लिए विकसित होंगे हाईटेक टॉयलेट
महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक टॉयलेट विकसित किए जाएंगे। इन सुविधाओं में स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा। इन टॉयलेट्स को इस तरह विकसित किया जाएगा कि महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर जरूरी सुविधाएं सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल में मिल सकें। रक्षाबंधन पर की गई इन घोषणाओं को प्रदेश की महिलाओं के लिए सुविधा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़कर देखा जा रहा है।

