raibarexpress Blog उत्तराखंड चिड़ोंवाली के मंदाकिनी विहार में पुल का धंसा हिस्सा देखा, गणेश जोशी ने दिए मरम्मत के निर्देश..
उत्तराखंड

चिड़ोंवाली के मंदाकिनी विहार में पुल का धंसा हिस्सा देखा, गणेश जोशी ने दिए मरम्मत के निर्देश..

चिड़ोंवाली के मंदाकिनी विहार में पुल का धंसा हिस्सा देखा, गणेश जोशी ने दिए मरम्मत के निर्देश..

 

 

उत्तराखंड: चिड़ोंवाली के मंदाकिनी विहार क्षेत्र में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए पुल की स्थिति का शनिवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पुल पर हुए धंसाव को देखते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल सुरक्षा उपाय करने और जरूरी मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से पुल की मौजूदा स्थिति और बरसात के चलते हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने धंसाव वाले हिस्से में तत्काल भरान कराने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

धंसाव वाले हिस्से पर बैरिकेडिंग के निर्देश
गणेश जोशी ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास तत्काल बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक पुल की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाती, तब तक लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नए पुल के निर्माण की दिशा में भी तेजी से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर नए पुल की डीपीआर तैयार कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि पुनर्निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके।

लापरवाही पर जताई नाराजगी
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि लगातार बारिश के कारण पुल और आसपास के क्षेत्र में नुकसान हुआ है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक मरम्मत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। मौके पर भाजपा नेता सुरेंद्र राणा, मंजू, कुलदीप रावत और विजय ध्यानी सहित लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह और अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय क्षेत्रवासी भी मौके पर मौजूद रहे।

 

 

 

Exit mobile version