April 22, 2026
उत्तराखंड

भक्ति में डूबा केदारनाथ: कपाट खुलते ही पुष्प वर्षा, गूंज उठा पूरा धाम

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह ठीक 8 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही केदारनाथ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम में मौजूद रहे। कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण को देखने के लिए हजारों श्रद्धालु पहले से ही मंदिर परिसर में एकत्रित थे। जैसे ही कपाट खुले, पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।

सुबह करीब 4 बजे से ही मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई थी। पंचमुखी डोली की विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान की डोली को मंदिर प्रांगण में लाया गया। तय परंपराओं के अनुसार सभी तैयारियां पूरी करने के बाद ठीक 8 बजे कपाट खोले गए।

कपाट खुलते ही सबसे पहले भगवान की पंचमुखी डोली को गर्भगृह में प्रवेश कराया गया और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान केदारनाथ को विराजमान किया गया। इस दौरान हेलीकॉप्टर से मंदिर परिसर पर भव्य पुष्प वर्षा की गई, जिसने श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था को और अधिक प्रबल बना दिया।

इस भव्य आयोजन के साथ ही बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया है। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के इस अद्भुत संगम ने पूरे केदारनाथ धाम को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X