August 3, 2026
उत्तराखंड

76 लाख कांवड़ियों के बीच अलर्ट प्रशासन, IG STF ने हरिद्वार में संभाला मोर्चा..

76 लाख कांवड़ियों के बीच अलर्ट प्रशासन, IG STF ने हरिद्वार में संभाला मोर्चा..

 

उत्तराखंड: सावन माह के साथ चल रही विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा अब अपने सबसे व्यस्त दौर में पहुंच चुकी है। धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों का सैलाब लगातार उमड़ रहा है और प्रशासन के अनुसार अब तक 76 लाख से अधिक कांवड़िए गंगाजल भरकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए शासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को उत्तराखंड के आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे और डीआईजी गढ़वाल धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मेला क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों का दौरा कर मौके पर तैनात अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

श्रद्धालुओं से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने कई कांवड़ियों से सीधे बातचीत कर मेले की व्यवस्थाओं को लेकर उनकी राय भी जानी। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा, सफाई, यातायात और अन्य सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं से मिले सुझावों के आधार पर जहां आवश्यकता होगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे ताकि यात्रा और अधिक सुगम बनाई जा सके। इस बार कांवड़ मेले के लिए तैयार किए गए नए ट्रैफिक प्लान की लगातार समीक्षा की जा रही है। पुलिस यह आकलन कर रही है कि धरातल पर यातायात व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित हो रही है। यदि किसी स्थान पर दबाव बढ़ता है या जाम की स्थिति बनती है तो मौके की परिस्थितियों के अनुसार ट्रैफिक प्लान में तत्काल बदलाव किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कांवड़ियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है।

पड़ोसी राज्यों के साथ बना हुआ है समन्वय

हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब सहित अन्य पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ भी लगातार समन्वय बनाए रखा है। सीमावर्ती क्षेत्रों से संबंधित सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान किया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित चुनौती का समय रहते समाधान किया जा सके। अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए कांवड़ियों की आवाजाही, ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा रहा है।पुलिस प्रशासन का अनुमान है कि 4 अगस्त को पंचक समाप्त होने के बाद कांवड़ियों की संख्या में और तेजी से वृद्धि होगी। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है। प्रमुख मंदिरों, गंगा घाटों और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय है और सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।

डाक कांवड़ को लेकर भी विशेष तैयारी

प्रशासन ने डाक कांवड़ के संचालन के लिए भी व्यापक इंतजाम किए हैं। विभिन्न पार्किंग स्थलों पर वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है ताकि भारी संख्या में आने वाले वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, डाक कांवड़ शुरू होने के बाद कांवड़ पटरी पर पैदल श्रद्धालुओं का दबाव कुछ कम होगा, जबकि राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में ट्रैफिक प्रबंधन पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी, जिसके लिए पहले से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा शिविर, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, आपातकालीन सहायता और हेल्प डेस्क जैसी सुविधाएं लगातार संचालित की जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि यात्रा के अंतिम चरण तक सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। लक्ष्य यही है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा यह विशाल आयोजन सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो तथा हर श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर सके।

 

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X