raibarexpress Blog उत्तराखंड ऋषिकेश में 23 करोड़ की लागत से बनेगा नया आस्था पथ, शासन ने बजट को दी मंजूरी..
उत्तराखंड

ऋषिकेश में 23 करोड़ की लागत से बनेगा नया आस्था पथ, शासन ने बजट को दी मंजूरी..

ऋषिकेश में 23 करोड़ की लागत से बनेगा नया आस्था पथ, शासन ने बजट को दी मंजूरी..

 

 

उत्तराखंड: तीर्थनगरी ऋषिकेश में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए गंगा तट पर एक नए आस्था पथ के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। आगामी कुंभ और भविष्य में संभावित रिकॉर्ड भीड़ को ध्यान में रखते हुए सिंचाई विभाग की ओर से प्रस्तावित इस परियोजना को शासन स्तर पर मंजूरी मिल चुकी है। परीक्षण के बाद 23 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी गई है और धनराशि जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। गंगा घाटों और मौजूदा आस्था पथ पर बढ़ते दबाव को देखते हुए यह नया आस्था पथ तीर्थनगरी के लिए एक अहम राहत साबित होने वाला है। खासतौर पर कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान जिस तरह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, उसे सुव्यवस्थित करने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैराज के डाउनस्ट्रीम बनेगा नया आस्था पथ..

योजना के अनुसार बैराज पुल के समीप गंगा किनारे डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में करीब 600 मीटर लंबा नया आस्था पथ विकसित किया जाएगा। इस पथ को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। प्रस्तावित आस्था पथ पर 66 मीटर के अंतराल पर तीन नए घाटों का निर्माण किया जाएगा, जहां श्रद्धालु सुरक्षित रूप से स्नान कर सकेंगे। इसके साथ ही पूरे आस्था पथ को आकर्षक बनाने के लिए फैंसी लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के अन्य कार्य भी किए जाएंगे, ताकि शाम के समय भी यह क्षेत्र श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहे। नए आस्था पथ की खास बात यह है कि यहां पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं और सैलानियों को ऋषिकेश शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे न सिर्फ शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि पर्वों और विशेष अवसरों पर जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही गंगा के किनारे विकसित होने वाला यह नया पथ प्राकृतिक दृश्यों से भरपूर होगा, जहां आने वाले श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ मनमोहक नजारों का भी आनंद ले सकेंगे। इससे ऋषिकेश में पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ावा मिलने की संभावना जताई जा रही है।

पहले से मौजूद आस्था पथ पर रहता है भारी दबाव..

बता दे कि ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट से बैराज तक पहले से करीब चार किलोमीटर लंबा आस्था पथ गंगा के किनारे विकसित किया गया है। यह आस्था पथ ऋषिकेश आने वाले लगभग हर श्रद्धालु और पर्यटक की पहली पसंद होता है। यहां शुद्ध वातावरण, गंगा की लहरों के करीब बैठने का सुकून और शांत माहौल लोगों को विशेष आकर्षित करता है। लेकिन बढ़ती भीड़ के चलते मौजूदा आस्था पथ और घाटों पर कई बार व्यवस्थाएं नाकाफी साबित होती हैं। ऐसे में नया आस्था पथ बनने से न सिर्फ भीड़ का दबाव कम होगा, बल्कि तीर्थनगरी को एक और सुव्यवस्थित और सुंदर धार्मिक-पर्यटन स्थल मिलेगा। प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना आगामी कुंभ की तैयारियों का एक अहम हिस्सा है। समय रहते यदि यह आस्था पथ तैयार हो जाता है, तो कुंभ के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और ऋषिकेश की धार्मिक व पर्यटन छवि को भी मजबूती मिलेगी।

 

 

Exit mobile version