September 30, 2026
उत्तराखंड

टॉपर्स के लिए सरकार का बड़ा ऐलान, लैपटॉप के साथ उच्च शिक्षा के लिए मिलेगी 51 हजार की मदद..

टॉपर्स के लिए सरकार का बड़ा ऐलान, लैपटॉप के साथ उच्च शिक्षा के लिए मिलेगी 51 हजार की मदद..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ बेटियों के सशक्तिकरण पर भी जोर देने की बात कही है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को हल्द्वानी के प्राथमिक विद्यालय तल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेज स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्राथमिक विद्यालय तल्ली में “सेवा संकल्प” अभियान के तहत “आंगन का मिलन” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने शिरकत करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को लेकर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों को केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण तक सीमित न रखते हुए माताओं, बच्चों और परिवारों के बीच जागरूकता और संवाद का माध्यम बनाया जाना चाहिए।

हर टॉपर को मिलेगा लैपटॉप
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में प्रत्येक टॉपर छात्र या छात्रा को सरकार की ओर से लैपटॉप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना का लाभ मेधावी विद्यार्थियों को बिना किसी लैंगिक भेदभाव के मिलेगा। इसके अलावा इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद डिग्री कॉलेज में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता देने की बात भी कही गई। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र संघ चुनाव में पहली बार बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है।

7 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
डॉ. रावत ने कहा कि 7 अक्टूबर तक चलने वाला “सेवा संकल्प” अभियान सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों को गंभीरता से लागू करने और इसकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रमों की फोटो और वीडियो तैयार कर विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने को भी कहा गया। साथ ही बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत दो लाभार्थियों को 51-51 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। इसके अलावा गोद भराई कार्यक्रम में चार लाभार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें फल वितरित किए गए। चार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।

प्राथमिक विद्यालय तल्ली में बनेगा अतिरिक्त कक्ष
शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली के लिए भी घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में जल्द ही एक अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत करने की बात कही। इससे विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में जिला स्तर के अधिकारियों के साथ आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान निश्चल पांडे, कंचन भट्ट, युगल शर्मा, मनोज शाह, दिनेश खुल्बे, बाल विकास परियोजना अधिकारी किरन जोशी, जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, प्रधानाचार्य मीना आर्य, डॉ. रिचा शुक्ला, डॉ. कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट और सुपरवाइजर पूनम गोस्वामी समेत अन्य अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X