raibarexpress Blog उत्तराखंड उत्तरकाशी में विकास उत्सव का आयोजन, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने लाभार्थियों को सौंपी सहायता राशि..
उत्तराखंड

उत्तरकाशी में विकास उत्सव का आयोजन, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने लाभार्थियों को सौंपी सहायता राशि..

उत्तरकाशी में विकास उत्सव का आयोजन, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने लाभार्थियों को सौंपी सहायता राशि..

 

उत्तराखंड: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में विकास उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई तथा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की उपलब्धियों को भी साझा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जनपद प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विकासखंड भटवाड़ी के मां गंगा सीएलएफ को ग्राम संगठन सशक्तीकरण और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इस सहायता से समूह की आर्थिक गतिविधियों को विस्तार मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सरकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। स्वयं सहायता समूह आज न केवल परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं बल्कि ग्रामीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामोत्थान एवं ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के अंतर्गत कई महिला लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता राशि उनके स्वरोजगार और लघु उद्यमों को मजबूत करने के उद्देश्य से दी गई है। सरकार का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे उद्यमों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन किया जा सकता है। इससे पलायन की समस्या को कम करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में भी मदद मिलेगी।

अपने संबोधन में सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महिला स्वयं सहायता समूहों, सहकारी समितियों और विभिन्न आजीविका कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज बड़ी संख्या में महिलाएं छोटे उद्योग, कृषि आधारित गतिविधियों, हस्तशिल्प, पशुपालन और अन्य स्वरोजगार कार्यक्रमों से जुड़कर अपनी आय बढ़ा रही हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है बल्कि परिवारों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। मंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से हजारों महिलाएं अपनी आय बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को केवल लाभार्थी बनाना नहीं बल्कि उन्हें आर्थिक विकास का भागीदार बनाना है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के जरिए प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

विकास उत्सव कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आधारभूत ढांचे, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विकास योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

 

 

Exit mobile version