raibarexpress Blog उत्तराखंड पहाड़ की बेटी का बड़ा सपना साकार होने की ओर, वैष्णवी तिनसौला पायलट बनने की राह पर..
उत्तराखंड

पहाड़ की बेटी का बड़ा सपना साकार होने की ओर, वैष्णवी तिनसौला पायलट बनने की राह पर..

पहाड़ की बेटी का बड़ा सपना साकार होने की ओर, वैष्णवी तिनसौला पायलट बनने की राह पर..

 

 

उत्तराखंड: पहाड़ की बेटियां अब हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत साबित कर रही हैं। केदारघाटी के छोटे से गांव लमगोंडी की रहने वाली वैष्णवी तिनसौला ने भी अपनी मेहनत और जुनून के बल पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। वैष्णवी इन दिनों गुजरात के एक प्रतिष्ठित एविएशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में कमर्शियल पायलट बनने का प्रशिक्षण ले रही हैं। उनका प्रशिक्षण अंतिम चरण में है और जल्द ही वह बतौर प्रोफेशनल पायलट अपने करियर की नई शुरुआत कर सकती हैं। बचपन से ही पढ़ाई में रुचि रखने वाली वैष्णवी ने अपने लक्ष्य को लेकर हमेशा स्पष्ट सोच रखी। परिवार के मुताबिक, अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयास उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह रहे हैं। इस सफर में माता-पिता, परिवार के सदस्यों और शिक्षकों का मार्गदर्शन भी उनके लिए महत्वपूर्ण रहा।

वैष्णवी की शुरुआती शिक्षा गुप्तकाशी स्थित एमएल पब्लिक स्कूल से हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रदीप सेमवाल ने बताया कि वह छात्र जीवन से ही प्रतिभाशाली और जिम्मेदार रही हैं। उन्होंने कहा कि वैष्णवी की उपलब्धि विद्यालय के साथ-साथ पूरे केदारघाटी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि तिनसौला परिवार के बच्चों ने विद्यालय से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। बाद में परिवार के कर्णप्रयाग चले जाने के बाद वैष्णवी ने अपनी आगे की पढ़ाई वहीं से जारी रखी और अपने सपनों की दिशा में आगे बढ़ती रहीं। विद्यालय परिवार ने वैष्णवी की सफलता पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनका कहना है कि वैष्णवी की उपलब्धि क्षेत्र की उन बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो बड़े सपने देखती हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत कर रही हैं। गांव से निकलकर विमानन जैसे क्षेत्र में पहचान बनाने की वैष्णवी की कोशिश यह साबित करती है कि प्रतिभा और हौसले के सामने भौगोलिक सीमाएं बाधा नहीं बन सकतीं। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी की बेटियों के लिए नई उम्मीद और प्रेरणा लेकर आई है।

Exit mobile version