raibarexpress Blog उत्तराखंड उत्तराखंड में बारिश का कहर, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बढ़ी,संगम घाट खाली कराया गया..
उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का कहर, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बढ़ी,संगम घाट खाली कराया गया..

उत्तराखंड में बारिश का कहर, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बढ़ी,संगम घाट खाली कराया गया..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होने और लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर सोनप्रयाग से लेकर केदारनाथ धाम तक पूरे यात्रा मार्ग का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अधिकारियों की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन की ओर से यात्रियों, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को लगातार मौसम की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। एहतियात के तौर पर केदारनाथ धाम स्थित संगम घाट क्षेत्र से श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह कदम पूरी तरह सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

यात्रा मार्ग पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ सहित विभिन्न विभागों की टीमें लगातार तैनात हैं। राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ कर्मियों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रख रहा है और मौसम के अनुसार आवश्यक निर्णय लिए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन एवं मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि मौसम की स्थिति और अधिक प्रतिकूल होती है तो परिस्थितियों के अनुसार अतिरिक्त एहतियाती कदम भी उठाए जा सकते हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित होती रहे।

 

 

 

Exit mobile version