raibarexpress Blog उत्तराखंड यूपीसीएल में कार्मिकों को मिली सौगात, 27 पदोन्नतियां और 75 सहायक लेखाकार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू..
उत्तराखंड

यूपीसीएल में कार्मिकों को मिली सौगात, 27 पदोन्नतियां और 75 सहायक लेखाकार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू..

यूपीसीएल में कार्मिकों को मिली सौगात, 27 पदोन्नतियां और 75 सहायक लेखाकार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर अमल शुरू कर दिया है। प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी के निर्देशों के बाद मानव संसाधन विभाग ने पदोन्नति, स्थायीकरण, वित्तीय स्तरोन्नयन और लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर कई आदेश जारी किए हैं। इन फैसलों से निगम के कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। यूपीसीएल प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के बीच हुई वार्ताओं के बाद पिछले एक महीने के भीतर विभिन्न संवर्गों के 27 पदों पर पदोन्नति संबंधी आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही सहायक अभियंता और लेखाकार संवर्ग के 37 कर्मचारियों को स्थायी सेवा का लाभ प्रदान किया गया है। वहीं 36 कर्मचारियों को वित्तीय स्तरोन्नयन देते हुए उनकी सेवा संबंधी लंबित मांगों का समाधान किया गया है।

चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लंबित मामलों का निस्तारण

निगम ने कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए चिकित्सा प्रतिपूर्ति (Medical Reimbursement) के लंबित मामलों के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया है। विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए करीब 450 लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों का निस्तारण किया गया है। इससे लंबे समय से भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी यूपीसीएल ने भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है। 75 सहायक लेखाकार पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है। इसके अलावा निगम में 115 अन्य रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

प्रबंधन का कहना है कि रिक्त पदों पर समयबद्ध नियुक्तियां होने से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार भी कम होगा। साथ ही नई नियुक्तियों से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। यूपीसीएल प्रबंधन का कहना है कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान, सेवा संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है। भविष्य में भी कर्मचारी हितों और संगठनात्मक दक्षता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्णय लिए जाते रहेंगे।

 

 

 

Exit mobile version