raibarexpress Blog उत्तराखंड गदरपुर में विकास को मिली रफ्तार, सीएम धामी ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन..
उत्तराखंड

गदरपुर में विकास को मिली रफ्तार, सीएम धामी ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन..

गदरपुर में विकास को मिली रफ्तार, सीएम धामी ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन..

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उधम सिंह नगर जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान गदरपुर विधानसभा क्षेत्र को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर उन्हें जनता को समर्पित किया। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। वहीं, उनके दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए काले झंडे दिखाए, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा को हिरासत में ले लिया। सीएम का हेलीकॉप्टर गदरपुर मंडी समिति स्थित हेलीपैड पर पहुंचा, जहां भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। फूल-मालाओं और जयघोष के बीच मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। इसके बाद वह गदरपुर स्थित कंबोज धर्मशाला पहुंचे और अमर शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सीएम ने धार्मिक कार्यक्रम में भी भाग लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने देश के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके बलिदान और राष्ट्रभक्ति की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति और समाज सेवा की भावना को अपनाने का आह्वान किया। दौरे के दौरान सीएम ने गदरपुर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। लंबे समय से निर्माणाधीन गदरपुर बस अड्डे का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया गया। इसके साथ ही खंड विकास कार्यालय भवन का भी उद्घाटन किया गया। सीएम ने डालबाबा मंदिर से गुलरभोज कुल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक सड़क निर्माण सहित कई आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

पर्यटन को बढ़ावा देने पर सरकार का जोर

सीएम ने कहा कि गुलरभोज क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की दृष्टि से तेजी से विकसित हो रहा है। यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए सरकार सड़क, आधारभूत सुविधाओं और पर्यटन से जुड़े ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उनका कहना था कि पर्यटन के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा ने मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए।सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही पुलिस ने स्थिति को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और शिल्पी अरोड़ा को हिरासत में ले लिया। कुछ समय के लिए मौके पर राजनीतिक माहौल गर्म रहा, लेकिन पुलिस ने हालात पर जल्द नियंत्रण पा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा।

खटीमा में सुनीं लोगों की समस्याएं

गदरपुर और रुद्रपुर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। लोहियाहेड हेलीपैड पर स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सीएम ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

 

 

 

Exit mobile version