February 10, 2026
उत्तराखंड

अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल जारी, बिना इन दस्तावेजों के नहीं मिलेगी एंट्री..

अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल जारी, बिना इन दस्तावेजों के नहीं मिलेगी एंट्री..

 

 

उत्तराखंड: भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। सेना भर्ती कार्यालय (ARO) लैंसडाउन ने अग्निवीर भर्ती रैली की तिथियों की घोषणा कर दी है। यह भर्ती रैली 15 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक गब्बर सिंह कैंप, कोटद्वार में आयोजित की जाएगी। यह रैली मुख्यालय भर्ती ज़ोन (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अंतर्गत आयोजित की जा रही है और इसमें गढ़वाल मंडल के सात जिलों के पात्र उम्मीदवार भाग ले सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया में चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून और हरिद्वार जनपदों के अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल वही उम्मीदवार रैली में शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 30 जून से 10 जुलाई 2025 के बीच आयोजित कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2025 को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है। पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। अधिकारियों के अनुसार यह भर्ती रैली युवाओं को अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में सेवा का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी और बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

ARO लैंसडाउन द्वारा आयोजित की जा रही अग्निवीर भर्ती रैली में विभिन्न श्रेणियों के पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन पद शामिल हैं। उम्मीदवार अपने प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट http://www.joinindianarmy.comसे डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड में रैली स्थल पर रिपोर्ट करने की निर्धारित तिथि अंकित होगी। यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में तकनीकी या अन्य किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे 30 दिसंबर 2025 से पहले व्यक्तिगत रूप से सेना भर्ती कार्यालय (ARO) लैंसडाउन से संपर्क कर सकते हैं। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 के पश्चात सहायता के लिए मोबाइल नंबर 7456874057 पर संपर्क किया जा सकता है। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और भर्ती रैली से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

अभ्यर्थियों को रैली में सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ उनकी तीन-तीन फ़ोटोकॉपी लाना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेजों में पैन कार्ड, आधार कार्ड, ऑनलाइन पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र, एडमिट कार्ड, 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षिक प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं विद्यालय चरित्र प्रमाण पत्र शामिल हैं। कक्षा आठवीं की मार्कशीट जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सत्यापित होनी चाहिए। धर्म प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र एवं अविवाहित प्रमाण पत्र (जहां लागू हो) ग्राम प्रधान/सरपंच द्वारा प्रमाणित होना आवश्यक है। साथ ही रैली सूचना के अनुसार रिलेशन प्रमाण पत्र, एनसीसी एवं खेल प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करने होंगे। शपथ पत्र रैली स्थल पर तैयार किया जाएगा। एआरओ लैंसडाउन ने सभी उम्मीदवारों को दलालों व एजेंटों से सावधान रहने की सलाह दी है, वे केवल आपको धोखा दे सकते हैं। सेना भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष, निःशुल्क और पारदर्शी तरीके से की जाती है, जिसमें आप केवल और केवल अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर भर्ती हो सकते हैं।

 

 

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X