भीमताल झील की बदलेगी सूरत, आधुनिक मशीनों से शुरू हुई गहराई और गाद की जांच..
उत्तराखंड: पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में बसी भीमताल झील आने वाले समय में और भी ज्यादा गहरी, साफ और लबालब नजर आएगी। उत्तराखंड की इस ऐतिहासिक और प्रमुख प्राकृतिक झील को नया जीवन देने के लिए स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) ने एक बड़ा और बेहद खास कदम उठाया है। देहरादून स्थित SARRA मुख्यालय के निर्देश पर 20 से 23 नवंबर तक भीमताल झील में चार दिनों का एक विशेष वैज्ञानिक अभियान चलाया गया। इसके तहत आधुनिक तकनीक की मदद से चार दिवसीय बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण किया गया। झील की असली गहराई, उसमें जमा पानी की क्षमता और तल में बैठी मिट्टी-गाद (सिल्ट) का बारीकी से हिसाब-किताब लगाया गया है।
क्यों पड़ी बैथिमेट्रिक सर्वे की जरूरत?
समय के साथ पहाड़ों से बहकर आने वाली मिट्टी, पत्थर और कचरा झीलों के तल में जमा होता रहता है। इसे आम भाषा में ‘गाद’ कहते हैं। जब झील के नीचे गाद की परत मोटी हो जाती है, तो झील उथली होने लगती है और उसकी पानी रोकने की ताकत कम हो जाती है। भीमताल झील के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा था। झील की सेहत सुधारने और उसे फिर से पहले जैसा गहरा बनाने के लिए यह जानना बेहद जरूरी था कि झील के किस हिस्से में कितनी मिट्टी जमी है और कहां कितनी गहराई बची है। इसी मकसद से रुड़की की विशेषज्ञ एजेंसी ‘मेसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज’ की टीम ने चार दिनों तक झील के चप्पे-चप्पे की जांच की।
मोटर बोट और हाई-टेक उपकरणों से हुई झील की ‘सोनोग्राफी’
जिस तरह डॉक्टर शरीर के अंदर की जांच के लिए अल्ट्रासाउंड या सोनोग्राफी करते हैं, ठीक उसी तरह इस टीम ने भीमताल झील के पानी के नीचे की तस्वीर निकालने के लिए हाई-टेक उपकरणों का इस्तेमाल किया। सर्वे के दौरान एक मोटर बोट में ‘इकोसाउंडर’ (Echosounder) नाम की खास मशीन लगाई गई। यह मशीन पानी के अंदर ध्वनि तरंगें भेजती है, जो झील की तली से टकराकर वापस लौटती हैं। इससे यह पता चलता है कि उस जगह पानी कितना गहरा है और नीचे कितनी मोटी गाद जमी हुई है। इसके साथ ही झील के किनारों पर डीजीपीएस (DGPS) नाम का एक सटीक जीपीएस सिस्टम लगाया गया। इससे झील के हर एक हिस्से की भौगोलिक स्थिति को एकदम सटीक तरीके से रिकॉर्ड किया गया। पूरी झील में हर 10-10 मीटर की दूरी पर लाइनें तय कर (सर्वे ट्रांसेक्ट) डेटा जुटाया गया, ताकि झील के तल का एक भी कोना जांच से छूट न पाए। जांच में किसी तरह की कोई चूक न रहे, इसके लिए टीम ने क्रॉस-चेक लाइनों और झील की बाउंड्री की भी दोबारा पैमाइश की।
चार दिनों तक जुटाए गए इस डेटा के आधार पर अब वैज्ञानिक झील के तल का एक 3D नक्शा (डिजिटल टेरेन मॉडल) तैयार करेंगे। इस रिपोर्ट से यह साफ हो जाएगा कि वर्तमान में भीमताल झील में कुल कितना पानी समा सकता है और झील के किन हिस्सों में सबसे ज्यादा गाद जमा है। इस वैज्ञानिक रिपोर्ट के हाथ में आते ही झील से गाद निकालने (ड्रेजिंग) की ठोस योजना बनाई जाएगी। यानी अंदाजे से खुदाई करने के बजाय, मशीनों से ठीक उन्हीं जगहों से मिट्टी और गाद निकाली जाएगी, जहां उसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। इससे झील की जल भंडारण क्षमता तो बढ़ेगी ही, साथ ही पानी की गुणवत्ता भी सुधरेगी।
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि SARRA की इस पहल को पर्यावरण के लिहाज से काफी अहम है। भीमताल झील न केवल नैनीताल जिले की पहचान है, बल्कि यह आसपास के इलाकों के भूजल स्तर को बनाए रखने और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी बड़ा सहारा है। झील के गहरी और स्वच्छ होने से यहां आने वाले सैलानियों को और भी बेहतर अनुभव मिलेगा, जिससे पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार मिलेगी। कुल मिलाकर, विज्ञान और आधुनिक तकनीक के सहारे भीमताल झील को संवारने का यह कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए इस प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने की एक बड़ी कोशिश है।




Leave feedback about this