raibarexpress Blog उत्तराखंड पिथौरागढ़ में 3 अगस्त से प्रादेशिक सेना की भर्ती रैली, पूर्व सैनिकों के लिए 69 पदों पर सुनहरा मौका..
उत्तराखंड

पिथौरागढ़ में 3 अगस्त से प्रादेशिक सेना की भर्ती रैली, पूर्व सैनिकों के लिए 69 पदों पर सुनहरा मौका..

पिथौरागढ़ में 3 अगस्त से प्रादेशिक सेना की भर्ती रैली, पूर्व सैनिकों के लिए 69 पदों पर सुनहरा मौका..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों और पात्र भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए प्रादेशिक सेना (टेरिटोरियल आर्मी) में दोबारा सेवा का अवसर मिलने जा रहा है। 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) ईको कुमाऊं की ओर से आगामी 3 अगस्त से 8 अगस्त तक पिथौरागढ़ के देवकटिया ग्राउंड में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इस भर्ती अभियान के माध्यम से विभिन्न ट्रेडों में कुल 69 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह छह बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षा, चिकित्सीय परीक्षण और साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरना होगा। सेना ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।

इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक 49 पद सैनिक (जनरल ड्यूटी) के लिए निर्धारित किए गए हैं। ये सभी पद केवल उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा विभिन्न तकनीकी और सहायक श्रेणियों में भी भर्ती की जाएगी। इनमें सैनिक शेफ के चार, वाशरमैन के दो, टेलर के दो, इक्विपमेंट रिपेयरर के दो, हेयर ड्रेसर के तीन, ब्लैक स्मिथ का एक, क्लर्क का एक, कारपेंटर के तीन तथा हाउस कीपर के दो पद शामिल हैं। इन पदों के लिए देशभर के पात्र पूर्व सैनिक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। 4 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी, जबकि 5 से 8 अगस्त के बीच शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण और व्यक्तिगत साक्षात्कार लिया जाएगा।

भर्ती में वही पूर्व सैनिक भाग ले सकेंगे जो पेंशनधारक हों। इसके अलावा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय अथवा उत्तराखंड वन विभाग में कम से कम 20 वर्ष की सेवा दे चुकी भूतपूर्व महिला कर्मियां भी इस भर्ती के लिए पात्र होंगी। अभ्यर्थियों के लिए यह भी आवश्यक है कि उनकी सेवानिवृत्ति या सेवा से मुक्त होने की तिथि से पांच वर्ष से अधिक समय न हुआ हो। सेना की ओर से जारी पात्रता शर्तों के अनुसार उम्मीदवारों की मेडिकल श्रेणी ‘शेप-1’ (SHAPE-1) होनी चाहिए। साथ ही सेना या संबंधित विभाग से उनका चरित्र प्रमाणन उत्कृष्ट अथवा बहुत अच्छा होना अनिवार्य है।

भर्ती रैली में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल डिस्चार्ज बुक, पीपीओ (PPO), पूर्व सैनिक पहचान पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, सात पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो तथा शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता से संबंधित सभी मूल दस्तावेज लाने होंगे। दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर अभ्यर्थी को भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों की सेवा अवधि एक वर्ष में अधिकतम आठ माह तक होगी। उन्हें भारतीय सेना के नियमों के अनुसार उनके पद और सेवा समूह के आधार पर मूल वेतन, महंगाई भत्ता (डीए) तथा अन्य सभी स्वीकृत भत्तों का लाभ मिलेगा।

भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और ऑनलाइन नामांकन की जानकारी 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। सेना ने इच्छुक और पात्र पूर्व सैनिकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और निर्धारित तिथियों पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती रैली में शामिल होने की अपील की है।

 

 

 

Exit mobile version