raibarexpress Blog उत्तराखंड 4 जुलाई को पूरा हो रहा सीएम धामी का 5 साल का कार्यकाल..
उत्तराखंड

4 जुलाई को पूरा हो रहा सीएम धामी का 5 साल का कार्यकाल..

4 जुलाई को पूरा हो रहा सीएम धामी का 5 साल का कार्यकाल..

 

 

उत्तराखंड: सरकार एक बार फिर जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री पद पर पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का दूसरा चरण संचालित किया जाएगा। यह विशेष अभियान 4 जुलाई से शुरू होकर 15 दिनों तक चलेगा, जिसके तहत जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर विशेष जनसेवा शिविर लगाए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और विभिन्न विभागों की सेवाएं सीधे उनके घर-द्वार तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शिविरों में मौजूद रहकर जन शिकायतों का मौके पर समाधान करेंगे तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराएंगे।

सरकारी निर्देशों के अनुसार अभियान के दौरान प्रत्येक जिले में व्यापक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पंचायत, पेयजल, विद्युत, खाद्य, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिविरों में लोगों की शिकायतें दर्ज की जाएंगी, आवश्यक दस्तावेजों की जांच होगी और संभव होने पर मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं होगा, उन्हें तय समय सीमा में संबंधित विभागों के माध्यम से हल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अभियान के दौरान केवल शिकायतों का समाधान ही नहीं किया जाएगा, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक प्रमाणपत्रों से संबंधित कार्य भी शिविरों के माध्यम से पूरे किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक आसानी से मिल सकेगा।

पिछले अभियान को मिला था अच्छा प्रतिसाद

प्रदेश सरकार इससे पहले भी इसी नाम से व्यापक जनसंपर्क अभियान चला चुकी है। दिसंबर में शुरू हुए पहले चरण के तहत करीब 45 दिनों तक पूरे प्रदेश में विशेष शिविर लगाए गए थे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार उस अभियान के दौरान 681 शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 5.33 लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। अभियान के दौरान लगभग 33 हजार जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया था। शासन का दावा है कि इस पहल को सुशासन और प्रभावी जनसंपर्क की एक सफल कार्यप्रणाली के रूप में भी सराहा गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान प्रत्येक शिविर में सक्षम अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लोगों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना सुशासन की पहचान है। सीएम ने कहा कि अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याएं सुननी चाहिए और उनका यथासंभव मौके पर समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावी समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश भी दिए हैं।

धामी सरकार के पांच वर्ष पूरे होने पर विशेष पहल..

यह विशेष अभियान सीएम पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। धामी ने पहली बार 4 जुलाई 2021 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। अब 4 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री के रूप में उनके पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार इसे ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मना रही है। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत पूरे प्रदेश में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद और विश्वास मजबूत होगा। साथ ही सरकारी सेवाओं की पहुंच दूरस्थ क्षेत्रों तक बढ़ेगी और लोगों की समस्याओं का समाधान अधिक तेज़ी और पारदर्शिता के साथ किया जा सकेगा। आने वाले 15 दिनों तक प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर लगने वाले शिविरों के माध्यम से हजारों लोगों को सीधे सरकारी सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

 

 

 

Exit mobile version