raibarexpress Blog उत्तराखंड सतपाल महाराज का पौड़ी दौरा, मां भगवती मंदिर के विकास कार्यों को मिली सौगात..
उत्तराखंड

सतपाल महाराज का पौड़ी दौरा, मां भगवती मंदिर के विकास कार्यों को मिली सौगात..

सतपाल महाराज का पौड़ी दौरा, मां भगवती मंदिर के विकास कार्यों को मिली सौगात..

 

 

उत्तराखंड: चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने मंगलवार को बीरोंखाल ब्लॉक सभागार में आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर का निरीक्षण किया। श्रम विभाग की ओर से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों के साथ स्थानीय लोग भी पहुंचे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में श्रमिकों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों को धरातल पर उतारने में श्रमिक दिन-रात मेहनत करते हैं। उनके परिश्रम के बिना विकास की योजनाओं को गति देना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की कोशिश है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक सीधे पहुंचे। इसी उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर करने का प्रयास किया जा रहा है। सतपाल महाराज ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंजीकरण और नवीनीकरण कराने वाले श्रमिकों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में दी जाए। उन्होंने कहा कि पात्र श्रमिकों को कागजी प्रक्रिया या जानकारी के अभाव में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंत्री ने श्रमिकों से भी अपील की कि वे श्रम विभाग की योजनाओं और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने श्रम कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराएं और सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ उठाएं। महाराज ने कहा कि प्रदेश के निर्माण में श्रमिकों की मेहनत की अहम भूमिका है और सरकार उनके हितों, सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

मां भगवती मंदिर के विकास कार्य का शिलान्यास
क्षेत्र भ्रमण के दौरान सतपाल महाराज ने लघु सिंचाई विभाग की जिला योजना के तहत बडियान स्थित मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास कार्य का शिलान्यास भी किया। इस परियोजना के लिए करीब चार लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

 

 

Exit mobile version