नेशनल गेम्स पदक विजेताओं को जल्द मिलेगी सरकारी नौकरी, खेल मंत्री ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र..
उत्तराखंड: उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को मुख्य सचिव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों को सम्मान और भविष्य की सुरक्षा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पत्रकारों से बातचीत में खेल मंत्री ने कहा कि नेशनल गेम्स में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। पहली बार राज्य ने राष्ट्रीय खेलों में 100 से अधिक पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने कहा कि पदक विजेताओं को घोषित नकद पुरस्कार राशि पहले ही प्रदान की जा चुकी है, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाई है।
रेखा आर्या ने कहा कि इस देरी को गंभीरता से लेते हुए अब प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अपने पत्र में सुझाव दिया है कि पदक विजेताओं को नौकरी देने के लिए 242 अधिसंख्य पदों का सृजन खेल विभाग में ही किया जाए। मंत्री ने कहा कि पूर्व में खिलाड़ियों को अन्य विभागों में समायोजित करने के अनुभव संतोषजनक नहीं रहे हैं, जिससे उनके प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ा। खेल मंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए समय, अवसर और अनुकूल माहौल मिलना बेहद जरूरी है। खेल विभाग में पदस्थापन से खिलाड़ियों को अपनी खेल गतिविधियों को जारी रखने में सुविधा होगी।
इसके साथ ही मंत्री ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि राज्य में संचालित 23 खेल अकादमियों को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए आवश्यक 544 पदों का सृजन भी शीघ्र किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि खेल अकादमियां राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने की रीढ़ हैं और इनमें स्टाफ की कमी से प्रशिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। रेखा आर्या ने भरोसा जताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताओं को जल्द पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार खिलाड़ियों को केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि स्थायी और सुरक्षित भविष्य देने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

