raibarexpress Blog उत्तराखंड HNB गढ़वाल विवि के छात्रों के लिए जरूरी खबर..
उत्तराखंड

HNB गढ़वाल विवि के छात्रों के लिए जरूरी खबर..

HNB गढ़वाल विवि के छात्रों के लिए जरूरी खबर..

ऑनलाइन फीस जमा करने की प्रक्रिया शुरू..

 

उत्तराखंड: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के अगले सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन फीस जमा करने की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से पात्र विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने का पोर्टल 14 सितंबर 2026 से दोबारा सक्रिय कर दिया गया है। विद्यार्थी अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 तय की गई है।

न्यूनतम क्रेडिट पूरा करना जरूरी

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर में प्रवेश के लिए वही विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने द्वितीय सेमेस्टर और बैक पेपर परीक्षाओं के परिणाम जारी होने के बाद निर्धारित न्यूनतम क्रेडिट आवश्यकता (Minimum Credit Requirement) पूरी की हो। पात्रता पूरी करने वाले विद्यार्थियों को अपनी संबंधित प्रवेश समिति से संपर्क कर प्रवेश की आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके साथ ही निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें। 21 सितंबर के बाद प्रवेश का अवसर नहीं दिया जाएगा। ऐसे में विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर फीस जमा करने और संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर ओपी गुसाईं ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें, जिससे अंतिम समय में किसी तरह की तकनीकी या अन्य परेशानी से बचा जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश से संबंधित सूचना सभी डीन, कैंपस निदेशकों, विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी है। इसका उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराना है।

Exit mobile version