November 23, 2026
उत्तराखंड

हाथों में जलता दीपक और जुबां पर शिव मंत्र, बैकुंठ चतुर्दशी पर कमलेश्वर मंदिर में उमड़ेगी आस्था

हाथों में जलता दीपक और जुबां पर शिव मंत्र, बैकुंठ चतुर्दशी पर कमलेश्वर मंदिर में उमड़ेगी आस्था..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के ऐतिहासिक कमलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी का पर्व विशेष धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर में संतान प्राप्ति की कामना को लेकर प्रसिद्ध खड़ दीपक अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। इस अनुष्ठान में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से निःसंतान दंपति श्रीनगर पहुंच चुके हैं। खास बात यह है कि इस बार दो विदेशी दंपति भी भगवान शिव की आराधना के लिए यहां पहुंचे हैं। मंदिर के महंत 108 आशुतोष पुरी के अनुसार, अनुष्ठान के लिए अब तक करीब 200 दंपति पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बरेली, लखनऊ, रुड़की, देहरादून और हल्द्वानी समेत कई शहरों के दंपति शामिल हैं। इसके अलावा बेंगलुरु और चेन्नई से भी श्रद्धालु पहुंचे हैं। अनुष्ठान शुरू होने से कुछ घंटे पहले तक पंजीकरण की सुविधा रखी गई है।

पूरी रात हाथों में जलता दीपक लेकर करेंगे शिव आराधना
कमलेश्वर महादेव मंदिर में होने वाला खड़ दीपक अनुष्ठान अपनी अनूठी धार्मिक परंपरा के लिए प्रसिद्ध है। इसमें संतान सुख की कामना करने वाले दंपति पूरी रात हाथों में जलता हुआ दीपक लेकर खड़े रहते हैं और भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र का जाप करते हैं। अनुष्ठान के दौरान महिला के गर्भ स्थान पर कपड़े का पटका बांधकर उसमें पूजा सामग्री रखी जाती है। इसके बाद मंदिर के महंत अखंड दीपक प्रज्वलित करते हैं। पति-पत्नी बारी-बारी से दीपक धारण कर रातभर भगवान शिव की आराधना करते हैं। सुबह विधि-विधान से पूजा संपन्न होने के बाद दीपक भगवान को अर्पित किया जाता है। इसके बाद श्रद्धालु गंगा स्नान, हवन और गोदान की परंपरा निभाते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस अनुष्ठान में सच्चे मन से शामिल होने वाले दंपतियों को भगवान शिव संतान सुख का आशीर्वाद देते हैं।

हरि-हर मिलन की परंपरा भी निभाई जाएगी
बैकुंठ चतुर्दशी पर कमलेश्वर महादेव मंदिर में हरि-हर मिलन की विशेष परंपरा भी निभाई जाती है। इस दौरान भगवान शिव को तुलसी और भगवान विष्णु को बेलपत्र अर्पित किए जाते हैं। यह परंपरा भगवान शिव और विष्णु के एकत्व का प्रतीक मानी जाती है। पर्व को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें व्यवस्था संभाल रही हैं।

भगवान राम और श्रीकृष्ण से भी जुड़ा है मंदिर का इतिहास
कमलेश्वर महादेव मंदिर की धार्मिक मान्यता का संबंध त्रेतायुग और द्वापर युग से भी जोड़ा जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, त्रेतायुग में भगवान राम ने रावण वध के बाद ब्रह्महत्या के दोष से मुक्ति के लिए यहां 108 कमल पुष्प अर्पित कर भगवान शिव की पूजा की थी। वहीं, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने जामवंती के आग्रह पर इस मंदिर में आराधना की थी। एक अन्य धार्मिक मान्यता के अनुसार, माता पार्वती के आग्रह पर भगवान शिव ने बैकुंठ चतुर्दशी की रात खड़ दीपक अनुष्ठान करने वाले दंपतियों को संतान सुख का वरदान दिया था। इस बार भी क्षेत्रीय विधायक की ओर से श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ति के लिए भगवान शिव को सहस्र कमल पुष्प अर्पित किए जाएंगे।

एक नाम पर 365 दीपक जलाकर करेंगे दीपदान
खड़ दीपक अनुष्ठान के साथ बैकुंठ चतुर्दशी पर मंदिर में दीपदान का भी विशेष महत्व है। इस दिन श्रद्धालु एक व्यक्ति के नाम से 365 दीपक अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, ये दीपक वर्ष के 365 दिनों में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना के प्रतीक हैं। बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर कमलेश्वर मंदिर में होने वाली इन धार्मिक गतिविधियों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे भक्तों के साथ मंदिर परिसर में पूरे दिन आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है।

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field

    X