नेपाल आपदा पर सीएम धामी ने जताई संवेदना, उत्तराखंड से मदद के लिए पहुंची टीम..
उत्तराखंड: नेपाल में आई आपदा को लेकर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से मजबूत सामाजिक, सांस्कृतिक और आपसी संबंध रहे हैं। ऐसे मुश्किल वक्त में दोनों देशों के बीच सहयोग और एकजुटता की भावना और मजबूत हुई है। सीएम ने कहा कि नेपाल से सामने आई आपदा की तस्वीरें और घटनाएं बेहद पीड़ादायक हैं। इस संकट की घड़ी में भारत पूरी संवेदनशीलता के साथ नेपाल के साथ खड़ा है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री से तत्काल बातचीत की और राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए टीम भेजी। नेपाल को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की नेपाल से अंतरराष्ट्रीय सीमा जुड़ी हुई है। इसके अलावा प्रदेश के कई परिवारों के नेपाल में रिश्तेदारी और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंध हैं। इसी वजह से राज्य सरकार ने भी सहायता के लिए एक टीम नेपाल भेजी है। सीएम ने बताया कि उत्तराखंड से भेजी गई टीम करीब आठ से दस दिनों तक नेपाल में रहकर वहां की परिस्थितियों का जायजा लेगी। टीम के साथ तत्काल राहत कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि भी भेजी गई है। टीम के लौटने के बाद उसकी रिपोर्ट के आधार पर नेपाल में आगे किस तरह की सहायता की जरूरत है, इसका आकलन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत के मुताबिक उत्तराखंड सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।


Leave feedback about this