बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में मतदाता सत्यापन का जिम्मा BLO पर, CEO ने दिए निर्देश..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शनिवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों के साथ सभी जिलों के जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल हुए। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़ी प्रगति, फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की स्थिति के साथ मैदानी स्तर पर आ रही दिक्कतों पर चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ाने और फील्ड स्टाफ के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पर्वतीय और अन्य बारिश प्रभावित इलाकों में आवाजाही की समस्या होने के कारण मतदाता सत्यापन का काम प्रभावित नहीं होना चाहिए। ऐसे क्षेत्रों में यदि किसी मतदाता के दस्तावेज या विवरण को लेकर विसंगति सामने आती है तो बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपलब्ध दस्तावेज प्राप्त कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मैदानी कर्मचारियों के काम को आसान बनाने के साथ उनकी मेहनत को प्रोत्साहित करना भी जरूरी है। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को BLO और फील्ड स्टाफ के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।डॉ. पुरुषोत्तम ने अधिकारियों से कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान फील्ड अधिकारी मतदाताओं से सीधे संपर्क करें। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को लेकर लोगों के बीच किसी तरह की गलतफहमी या भ्रम की स्थिति पैदा न होने देना है। उन्होंने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से संबंधित प्रकरणों की मौजूदा स्थिति की भी जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र मतदाताओं से संबंधित आवेदनों और दावों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर निस्तारण किया जाए।
अनमैप्ड मतदाताओं के मामलों पर भी फोकस
बैठक में अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई और सत्यापन प्रक्रिया को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ERO और AERO को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सुविधाजनक कार्ययोजना तैयार कर ऐसे मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को नोटिसों की सुनवाई के लिए विशेष और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत और गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप से उनके हालिया जिला भ्रमण के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने दोनों मंडलीय आयुक्तों को नियमित रूप से जिलों का दौरा जारी रखने और मैदानी स्तर पर अभियान की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक का फोकस SIR अभियान को सुचारु तरीके से आगे बढ़ाने, मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करने और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर रहा।

