August 26, 2026
उत्तराखंड

राष्ट्रीय मंच पर चमकी उत्तराखंड की अनुभा, मिस यूनिवर्स इंडिया में बनीं रनर-अप..

राष्ट्रीय मंच पर चमकी उत्तराखंड की अनुभा, मिस यूनिवर्स इंडिया में बनीं रनर-अप..

उत्तराखंड: उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में रनर-अप का खिताब हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 51 प्रतिभागियों के बीच करीब 40 दिनों तक चली प्रतियोगिता में अनुभा ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और मंचीय प्रस्तुति के दम पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त 2026 को जयपुर के जी स्टूडियो में आयोजित हुआ। देशभर से पहुंची 51 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता के विभिन्न दौर और चुनौतियों में हिस्सा लिया। अंतिम चरण तक पहुंची अनुभा ने अपनी प्रस्तुति के साथ-साथ उत्तराखंड की संस्कृति और पहाड़ी पहचान को भी राष्ट्रीय मंच पर सामने रखा। अनुभा के लिए मिस यूनिवर्स इंडिया का सफर उनके पेजेंट करियर का अहम पड़ाव रहा। करीब 40 दिनों के दौरान उन्हें अलग-अलग चुनौतियों से गुजरने का मौका मिला। इस दौरान उन्होंने अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ खुद को लगातार बेहतर करने पर फोकस किया। अपनी उपलब्धि पर अनुभा ने कहा कि उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया में रनर-अप बनना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उनके मुताबिक यह सफर सिर्फ एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खुद को समझने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का अनुभव भी रहा। उन्होंने इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

पिता को दिया सफलता का श्रेय
अनुभा ने अपनी सफलता में पिता की भूमिका को विशेष बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने सामाजिक सोच की परवाह किए बिना हमेशा उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के दौरान भी उन्होंने जीत के दबाव के बजाय अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी। अनुभा ने भावुक अंदाज में कहा कि उनके पिता के लिए वह बचपन से ही मिस यूनिवर्स हैं, क्योंकि वह उनकी बेटी हैं। यही विश्वास लेकर उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और पूरे सफर के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखा।

उत्तराखंड की बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
अनुभा वशिष्ठ की उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। उनकी सफलता ने यह संदेश भी दिया है कि पहाड़ की बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर के बड़े मंचों तक पहुंच सकती हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उर्वशी रौतेला के बाद अनुभा उत्तराखंड से इस प्रतियोगिता में अंतिम दौर तक पहुंचकर रनर-अप का खिताब हासिल करने वाली प्रमुख प्रतिभागियों में शामिल हैं।

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X