October 22, 2026
उत्तराखंड

पौड़ी में जल्द तैयार होगा इको एडवेंचर पार्क, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान..

पौड़ी में जल्द तैयार होगा इको एडवेंचर पार्क, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान..

 

 

 

उत्तराखंड: पौड़ी को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला मुख्यालय स्थित इको एडवेंचर पार्क को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। यहां साहसिक गतिविधियों के साथ बच्चों के मनोरंजन, परिवारों के लिए सुविधाओं और पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बुधवार को निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को निर्माण गुणवत्ता बनाए रखते हुए काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पार्क को इस तरह तैयार किया जाए, जिससे पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण के बीच रोमांचक गतिविधियों का आनंद मिल सके। साथ ही स्थानीय नागरिकों के लिए भी यह मनोरंजन और समय बिताने का बेहतर स्थान बने। प्रशासन का उद्देश्य पार्क को पौड़ी के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल करना है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग के नीचे बनाए जा रहे टिकट काउंटर का निर्माण दो सप्ताह के भीतर पूरा करने को कहा। उन्होंने परिसर में बैठने के लिए बेंच लगाने, खाली स्थानों पर फूल-पौधे विकसित करने और पेड़ों को आकर्षक रूप देने के निर्देश दिए। पार्क के रास्तों पर रंग-रोगन करने, रेलिंग लगाने और आवश्यक स्थानों पर सूचना पट्ट स्थापित करने को भी कहा गया। सुरक्षा के लिहाज से चहारदीवारी पर कांटेदार तार लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि परिसर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

कैफे को आकर्षक बनाने पर जोर
पार्क में बन रहे कैफे का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने दीवारों और फर्श को टिकाऊ बनाने के साथ सीलन से बचाव के लिए जरूरी काम समय पर पूरा करने को कहा। कैफे में लकड़ी का फर्नीचर लगाने और इसकी साज-सज्जा को आकर्षक बनाने के निर्देश भी दिए गए। इस सुविधा के विकसित होने से पार्क में आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिल सकेगा। प्रशासन का जोर निर्माण कार्यों के साथ-साथ परिसर की सुंदरता और उपयोगिता बढ़ाने पर भी है।

बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम की भी योजना
पार्क में उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए बच्चों के झूले और ओपन जिम के उपकरण लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बच्चों के मनोरंजन के साथ स्थानीय लोगों को व्यायाम की सुविधा भी मिल सकेगी। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने और संबंधित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया है। इन सुविधाओं के विकसित होने से पार्क को परिवारों के अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।

एडवेंचर गतिविधियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
साहसिक गतिविधियों के सुरक्षित संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अधिकारियों को पौड़ी और पालकोट स्थित इको एडवेंचर पार्कों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल लगाने और कनेक्शन से संबंधित प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा, ताकि प्रस्तावित गतिविधियों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार किया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण, सौंदर्यीकरण, बिजली, पार्किंग और जनसुविधाओं से जुड़े सभी काम तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। पार्क के संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद इसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए उपलब्ध कराया जा सकेगा। इस परियोजना से पौड़ी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर विकसित होने की भी संभावना है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field

    X