July 11, 2026
उत्तराखंड

वन विभाग में जल्द हो सकता है बड़ा फेरबदल, IFS अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों पर मंथन..

वन विभाग में जल्द हो सकता है बड़ा फेरबदल, IFS अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों पर मंथन..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है। वन विभाग में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। इस संबंध में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सिविल सर्विसेज बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों के कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों में संभावित बदलाव पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख सचिव वन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सूत्रों के अनुसार विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की वर्तमान तैनाती, प्रशासनिक आवश्यकताओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। माना जा रहा है कि विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से कई आईएफएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। बोर्ड की बैठक के बाद अब प्रस्तावित तबादला एवं दायित्व परिवर्तन सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसे जल्द जारी किए जाने की संभावना है।

प्रदेश में हाल के दिनों में प्रशासनिक स्तर पर लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसी क्रम में कुछ दिन पहले जिला पुलिस में भी व्यापक स्तर पर तबादले किए गए थे। पुलिस महकमे में 33 इंस्पेक्टर और उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी करते हुए सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए। जारी आदेशों के अनुसार इंस्पेक्टर राकेन्द्र कठैत को एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) का प्रभारी बनाया गया है, जबकि प्रमोद उनियाल को वीवीआईपी सेल और अरविन्द कुमार को सीनियर सिटीजन सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा विवेक राठी को कालसी थाने का प्रभारी नियुक्त किया गया है। कुलदीप शाह को त्यूनी थाने का थाना प्रभारी बनाया गया है, वहीं अश्वनी बलूनी को आराघर चौकी की कमान सौंपी गई है।

उपनिरीक्षक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अमित कुमार को आईडीपीएल चौकी, सतेन्द्र सिंह को डाकपत्थर, संदीप पंवार को सहिया, प्रवेश रावत को मयूर विहार, संदीप कुमार को धारा चौकी, रवि प्रसाद को आशारोड़ी, नवीन डंगवाल को फव्वारा चौक तथा रघुवीर सिंह कपरवाण को हरिपुरकलां चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है। लगातार हो रहे इन प्रशासनिक बदलावों को शासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और विभागीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें वन विभाग में प्रस्तावित आईएफएस अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों की सूची पर टिकी हैं, जिसके जल्द जारी होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

 

 

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X