November 28, 2026
उत्तराखंड

बद्रीनाथ में बिजली सप्लाई होगी हाईटेक, रिंग सिस्टम और नए सब स्टेशन से मजबूत होगा नेटवर्क..

बद्रीनाथ में बिजली सप्लाई होगी हाईटेक, रिंग सिस्टम और नए सब स्टेशन से मजबूत होगा नेटवर्क..

 

उत्तराखंड: बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक बनाने का काम तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में अब धाम की विद्युत व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए 11 केवी और एलटी बिजली लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। योजना के तहत बिजली आपूर्ति को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के साथ ही पूरे नेटवर्क को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इस परियोजना को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्माण कार्यों से प्रभावित होने वाली सरकारी परिसंपत्तियों का आकलन कर जल्द पुनर्निर्माण प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि आगामी बदरीनाथ यात्रा शुरू होने से पहले जरूरी कार्य पूरे किए जाएं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

बिजली आपूर्ति के लिए बनेगा रिंग सिस्टम
मास्टर प्लान के तहत बदरीनाथ धाम में 11 केवी और लो टेंशन (एलटी) विद्युत लाइनों को जमीन के नीचे बिछाने की योजना है। इसके अलावा बिजली आपूर्ति को अधिक मजबूत बनाने के लिए 11 केवी नेटवर्क पर रिंग सिस्टम विकसित किया जाएगा। एलटी फीडर पैनल भी स्थापित किए जाएंगे। परियोजना के तहत दो कॉम्पैक्ट सब स्टेशन का निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है। इन व्यवस्थाओं से धाम में बिजली वितरण प्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

खुदाई से प्रभावित होंगी सड़क और पेयजल की लाइनें
भूमिगत विद्युत लाइनों को बिछाने के लिए होने वाली खुदाई के दौरान सड़क, पेयजल और अन्य विभागों की परिसंपत्तियां प्रभावित हो सकती हैं। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में संभावित नुकसान का आकलन करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण के लिए विस्तृत प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराएं। इसके आधार पर बजट और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था समय रहते की जाएगी, जिससे निर्माण कार्यों में किसी तरह की रुकावट न आए।

यात्रा सीजन से पहले पूरे होंगे जरूरी काम
बैठक में बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रही दूसरी विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करना प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्युत व्यवस्था के आधुनिकीकरण से धाम में सुविधाओं का विस्तार होगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field

    X