November 28, 2026
उत्तराखंड

मकान में आग से नुकसान पर सरकार देगी मुआवजा, SDRF मानकों के तहत मिलेगी राहत राशि..

मकान में आग से नुकसान पर सरकार देगी मुआवजा, SDRF मानकों के तहत मिलेगी राहत राशि..

 

 

उत्तराखंड: उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग हादसे में 41 श्रमिकों के सफल रेस्क्यू की याद में उत्तराखंड में पहली बार आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जा रहा है। 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रमों और मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हिस्सा लिया और राज्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चार अहम घोषणाएं कीं। सीएम ने इस दौरान घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उत्तराखंड में आपदाओं से निपटने के लिए मजबूत तैयारी और आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है।

पूर्व सैनिकों और पुलिसकर्मियों को मिलेगा आपदा प्रशिक्षण
सीएम ने घोषणा की कि सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं से सेवानिवृत्त कर्मियों को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित कर्मियों की मदद से आम लोगों को आपदा से बचाव, राहत और सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

शिक्षकों को बनाया जाएगा आपदा मित्र
सरकार शिक्षण संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन की तैयारी को मजबूत करेगी। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। ये शिक्षक आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के तौर पर विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जरूरी सावधानियों और बचाव के तरीकों की जानकारी देंगे।

घरों में आग लगने की घटना भी मानी जाएगी आपदा
मुख्यमंत्री की एक महत्वपूर्ण घोषणा आवासीय भवनों में आग लगने की घटनाओं को लेकर रही। अब किसी भी दुर्घटना के कारण घर में आग लगने की घटना को आपदा की श्रेणी में स्वीकार किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के निर्धारित मानकों के अनुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपदाओं के दौरान बिना किसी स्वार्थ के राहत एवं बचाव कार्यों में मदद करने वाले लोगों को सरकार की ओर से सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

आपदा के समय त्वरित राहत पहुंचाना प्राथमिकता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में केवल सरकारी तंत्र की तैयारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को भी आपदा से निपटने के लिए जागरूक और प्रशिक्षित करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और बचाव एजेंसियां सक्रिय हों। प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द राहत और सहायता पहुंचाने के लिए बेहतर समन्वय बनाया जाए। उन्होंने विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी आपदा जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया।

17 दिन चला था सिलक्यारा में रेस्क्यू अभियान
सीएम ने नवंबर 2023 में हुए सिलक्यारा सुरंग हादसे को याद करते हुए कहा कि 12 नवंबर को दीपावली के दिन सुरंग के भीतर 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार और बचाव एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अभियान की जानकारी ले रहे थे। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। अभियान के दौरान कई तकनीकी बाधाएं आईं, जिसके चलते श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए एक साथ अलग-अलग विकल्पों पर काम किया गया। करीब 17 दिनों तक चले अभियान के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय बचाव दलों की मेहनत, श्रमिकों के धैर्य और विभिन्न एजेंसियों के आपसी तालमेल को दिया।

भूकंप से बचाव के लिए भी होंगी मॉक ड्रिल
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की भूकंप संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप से बचाव के लिए भी नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान नुकसान कम करने का सबसे प्रभावी तरीका समय रहते तैयारी करना और लोगों को सही जानकारी देना है। सरकार का जोर अब आपदा प्रबंधन को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी तक सीमित रखने के बजाय इसमें पूर्व सैनिकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर है।

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field

    X