May 8, 2026
उत्तराखंड

केदारनाथ पहुंचे सीएम धामी, नए अस्पताल भवन की दी सौगात..

केदारनाथ पहुंचे सीएम धामी, नए अस्पताल भवन की दी सौगात..

 

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा के बीच केदारनाथ धाम में स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़ी मजबूती मिली है। सीएम धामी ने शुक्रवार सुबह केदारनाथ पहुंचकर पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड हॉस्पिटल के नए भवन का लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर के पास बनाए गए नए भवन का निर्माण कार्य हाल ही में पूरा हुआ था। इसके बाद सीएम ने स्वयं धाम पहुंचकर इसका उद्घाटन किया। उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त इस अस्पताल को केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को नई मजबूती देगा। यात्रा सीजन के दौरान अचानक स्वास्थ्य खराब होने, ऑक्सीजन की कमी और अन्य आपात स्थितियों में यह अस्पताल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सीएम ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिसके माध्यम से प्रदेश के लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार मिल रहा है। साथ ही प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। केदारनाथ दौरे के दौरान सीएम ने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है। सरकार इसी भावना के साथ देवभूमि में स्वास्थ्य और जनसुविधाओं को लगातार मजबूत करने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि 40 बेड की क्षमता वाला यह अस्पताल आने वाले समय में लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इसे सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X