raibarexpress Blog उत्तराखंड सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को मिली राहत, शिविर में सुनी गईं शिकायतें..
उत्तराखंड

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को मिली राहत, शिविर में सुनी गईं शिकायतें..

 

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को मिली राहत, शिविर में सुनी गईं शिकायतें..

 

 

 

उत्तराखंड: चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास और कृषि से जुड़ी योजनाओं को गति देने की तैयारी है। विकासखंड बीरोंखाल में वर्ष 2024 से 2030 के बीच उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बरानी कृषि परियोजना के तहत करीब 120 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है। परियोजना के दायरे में विधानसभा क्षेत्र की 78 ग्राम पंचायतों में से 68 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। यह जानकारी कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने मंगलवार को बीरोंखाल में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान दी।

सिंचाई से लेकर सब्जी उत्पादन तक पर फोकस
महाराज के मुताबिक जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र में कई तरह के काम किए जा रहे हैं। परियोजना के बेहतर संचालन के लिए स्यूंसी, मैठाणाघाट और स्यूंसी क्षेत्र में तीन यूनिट गठित की गई हैं। अब तक सिंचाई सुविधा के लिए 12 एलडीपीई टैंक लगाए जा चुके हैं, जबकि सात वाटर हार्वेस्टिंग टैंक पहले से तैयार किए गए हैं। किसानों को ड्रिप सिंचाई से जोड़ने के लिए 10 प्रदर्शन इकाइयां और सब्जी उत्पादन की 30 प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं। इसके अलावा मल्चिंग तकनीक की 57 प्रदर्शन इकाइयां भी तैयार की गई हैं।

अलग-अलग फसलों के लिए बीज उपलब्ध कराया
परियोजना के तहत किसानों को रबी सीजन में गेहूं, सरसों, मटर, आलू और लहसुन का बीज उपलब्ध कराया गया है। इन फसलों को करीब 45 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन के लिए लिया गया है। खरीफ सीजन में मक्का, मंडुवा, उड़द, मूंग, धान, सोयाबीन और स्वीट कॉर्न के बीज करीब 102 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए वितरित किए गए हैं। वहीं टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, भिंडी, फ्रेंच बीन, हल्दी और अदरक जैसी सब्जी एवं मसाला फसलों के लिए करीब 25 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया गया है। जैविक और संरक्षित खेती को बढ़ावा देने के लिए 9 वर्मी कंपोस्ट और 21 बायो-कंपोस्ट प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में 90 पॉली टनल लगाए गए हैं। बकरी की नस्ल सुधार के लिए 21 उन्नत नस्ल के बकरों का वितरण भी किया गया है।

बहुउद्देशीय शिविर में सुनी लोगों की समस्याएं
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र में कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया गया। बीरोंखाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय इंटर कॉलेज के नए भवन और कक्षा कक्षों का शिलान्यास किया गया। वहीं समग्र शिक्षा अभियान के तहत 21.4 लाख रुपये से तैयार राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा रसिया महादेव में करीब 3.85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का भी उद्घाटन किया गया।

विधायक निधि से सड़क और संपर्क मार्ग के लिए धनराशि
मंत्री ने स्थानीय संपर्क मार्गों से जुड़े कार्यों के लिए विधायक निधि से धनराशि देने की घोषणा भी की। चितौण खाल तक मोटर मार्ग के मिलान के लिए 4 लाख रुपये और हिंडोला गैरी से हनुमान गद्दी-बड़ेस ढय्या तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। महाराज ने कहा कि क्षेत्र में कृषि, सिंचाई, शिक्षा, पर्यटन और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है। जलवायु अनुकूल कृषि परियोजना के जरिए किसानों को बदलते मौसम के अनुरूप खेती के आधुनिक तरीकों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Exit mobile version