November 18, 2025
उत्तराखंड

अब यात्रियों को मिलेगी वॉल्वो से सस्ती एसी बस सुविधा, उत्तराखंड परिवहन निगम की नई पहल

अब यात्रियों को मिलेगी वॉल्वो से सस्ती एसी बस सुविधा, उत्तराखंड परिवहन निगम की नई पहल..

 

उत्तराखंड: आरामदायक यात्रा चाहने वाले लंबी दूरी के यात्रियों के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम पहली बार वातानुकूलित (एसी) स्लीपर कोच बसों का संचालन शुरू करने जा रहा है। इनमें यात्री लेटकर आराम से सफर कर सकेंगे। पहले चरण में छह एसी स्लीपर कोच बसें अनुबंधित की जा रही हैं, जिनमें से चार बसें देहरादून से कानपुर और जयपुर, जबकि दो बसें हल्द्वानी से जयपुर के लिए चलेंगी। इसके साथ ही निगम दिल्ली, आगरा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और लखनऊ के लिए एसी डीलक्स बसों का संचालन भी करेगा। टू-बाय-टू सीट वाली इन बसों का किराया वॉल्वो बसों से कम होगा, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी। परिवहन निगम का उद्देश्य निजी डग्गामार बसों के जाल को तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित व आरामदायक यात्रा सुविधा देना है।

वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम केवल दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़ और कटरा मार्ग पर सुपर डीलक्स वॉल्वो बसों का संचालन कर रहा है। इन बसों का किराया साधारण बसों से ढाई से तीन गुना अधिक होने के कारण कई यात्री इन्हें लेने से हिचकते हैं। पहले निगम दिल्ली मार्ग पर जनरथ एसी (थ्री-बाई-टू सीटर) बसों का संचालन भी करता था, लेकिन करीब पांच साल पहले अनुबंध समाप्त होने पर यह सेवा बंद हो गई। इसके बाद से वॉल्वो बसें महंगी लगने वाले यात्री उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एसी जनरथ बसों में सफर करने को मजबूर हैं। वर्तमान में देहरादून से लखनऊ, कानपुर, लखीमपुर, बरेली, दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर, आगरा, कटरा और अमृतसर सहित कई शहरों के लिए निजी डग्गामार बसों का संचालन भी बड़े पैमाने पर हो रहा है। ऐसे में निगम का लक्ष्य अब यात्रियों को वॉल्वो से सस्ती और आरामदायक एसी बस सेवा देकर निजी बसों के नेटवर्क को चुनौती देना है।

निजी बस ऑपरेटरों द्वारा चलाई जा रही एसी और डीलक्स स्लीपर कोच बसें, जिनका किराया परिवहन निगम की बसों की तुलना में काफी कम है, यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। इसका सीधा असर निगम की यात्री संख्या पर पड़ रहा है, जो लगातार घट रही है। आर्थिक घाटा कम करने और यात्रियों को आरामदायक व किफायती यात्रा विकल्प देने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने अब खुद एसी स्लीपर कोच और एसी डीलक्स बसें संचालित करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी योजना के तहत निगम ने पहले चरण में 18 नई बसें अनुबंध पर लेने के लिए टेंडर जारी किए हैं। इनमें एसी स्लीपर कोच और एसी डीलक्स दोनों श्रेणियों की बसें शामिल होंगी। निगम अधिकारियों के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर दी जाएगी, जिसके बाद इन बसों का संचालन शुरू होगा। परिवहन निगम का मानना है कि इन आधुनिक और आरामदायक बसों के संचालन से न केवल निजी डग्गामार बसों के जाल को चुनौती मिलेगी, बल्कि यात्रियों को भी सस्ती दरों पर सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा। नई बसों में बेहतर सीटिंग व्यवस्था, वातानुकूलन, आराम से लेटकर यात्रा की सुविधा और समयबद्ध संचालन जैसी विशेषताएं होंगी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X