November 18, 2025
उत्तराखंड

विज्ञान, पर्यावरण और अभिनय में योगदान के लिए शिक्षक किशोर कुमार जोशी सम्मानित..

विज्ञान, पर्यावरण और अभिनय में योगदान के लिए शिक्षक किशोर कुमार जोशी सम्मानित..

 

उत्तराखंड: बुरांश फाउंडेशन द्वारा आयोजित बुरांश नवाचारी एवं उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह में सहायक अध्यापक (विज्ञान) किशोर कुमार जोशी को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विज्ञान शिक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं अभिनय के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। विद्यालय में बैग लेस डे के अवसर पर श्री जोशी विद्यार्थियों के साथ विभिन्न नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियाँ कराते हैं। इनमें प्रकाश का परावर्तन व अपवर्तन, पुष्पों के भागों का अध्ययन, विद्युत चुम्बक और मोटर बनाना, चुम्बकीय बल रेखाओं को खींचना तथा विभिन्न आकृतियाँ बनाना जैसी विज्ञान प्रयोगशाला आधारित क्रियाएँ शामिल हैं। इसके साथ ही वे विद्यार्थियों को वृक्षारोपण और पर्यावरणीय गतिविधियों से भी जोड़ते हैं। उनके इस नवाचारी प्रयास से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और समझ बढ़ रही है। बुरांश फाउंडेशन ने ऐसे शिक्षकों को प्रेरणा स्रोत बताते हुए उनके कार्य की सराहना की है।

विद्यालय में विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की अच्छी आदतें सिखाई जा रही हैं। इसके तहत बच्चों को डस्टबिन के सही उपयोग, स्वच्छता अभियान में भागीदारी, बायो-एंजाइम बनाना, तथा प्लास्टिक कचरे से इकोब्रिक्स तैयार करना सिखाया जा रहा है। ये गतिविधियाँ उन्हें न केवल जिम्मेदार नागरिक बनाना सिखा रही हैं, बल्कि उनके अंदर पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित कर रही हैं। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालय में कीचन गार्डन (रसोई बग़ीचा) का निर्माण करवाया जा रहा है, जिससे बच्चों को पोषणयुक्त ताजे फल और सब्जियां उपलब्ध कराई जा सकें। इसके साथ ही पुष्प वाटिका का भी निर्माण किया गया है, जो न केवल विद्यालय की सुंदरता बढ़ा रहा है, बल्कि बच्चों को प्रकृति से जोड़ने में भी मददगार साबित हो रहा है। इन सभी नवाचारों का उद्देश्य बच्चों में व्यावहारिक ज्ञान, स्वच्छता की आदतें और पर्यावरणीय चेतना को प्रोत्साहित करना है। विद्यालय का यह प्रयास अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनता जा रहा है।

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X