raibarexpress Blog उत्तराखंड प्रेसवार्ता में राहुल गांधी पर बरसे सुबोध उनियाल, झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर उठाए सवाल..
उत्तराखंड

प्रेसवार्ता में राहुल गांधी पर बरसे सुबोध उनियाल, झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर उठाए सवाल..

प्रेसवार्ता में राहुल गांधी पर बरसे सुबोध उनियाल, झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर उठाए सवाल..

उत्तराखंड: झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर उत्तराखंड सरकार में मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस का रवैया दोहरा है। उन्होंने दावा किया कि जहां झारखंड में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार है, वहां छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास किया गया। मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में परीक्षा से जुड़े मामलों पर सरकार ने कार्रवाई करते हुए नकलरोधी कानून बनाया और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। उन्होंने कहा कि नीट को लेकर भी दोबारा परीक्षा कराने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे जैसे कदम उठाए गए थे।

सुबोध उनियाल ने कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परीक्षा और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की मांग की थी, तब सरकार चर्चा के लिए तैयार थी। अब जब सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है तो राहुल गांधी पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई और नकल रोकने के लिए सख्त कानून बनाया गया। ऐसे में अब विपक्ष को सदन में इन मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि वहां छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उनके मुताबिक, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार में छात्रों के साथ दमनात्मक रवैया अपनाया गया। सुबोध उनियाल ने कहा कि एक ओर कांग्रेस छात्रों के हितों की बात करती है और दूसरी ओर विपक्ष शासित राज्यों में छात्रों के आंदोलन को लेकर अलग रवैया दिखाई देता है। उन्होंने इसे कांग्रेस का कथित दोहरा चरित्र बताया।

राहुल गांधी पर लगाया माहौल बिगाड़ने का आरोप

मंत्री ने राहुल गांधी पर राजनीतिक लाभ के लिए अराजकता का माहौल बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के इस रवैये को समझ रही है और जनहित से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता ने नकार दिया है और वह अपनी राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने के लिए अलग-अलग मुद्दों को उठा रहे हैं।उत्तराखंड में पेपर लीक के सवाल पर सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य में नकलरोधी कानून लागू होने के बाद परीक्षा शुरू होने से पहले पेपर लीक होने का मामला सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि एक परीक्षा के दौरान एक केंद्र से पेपर बाहर जाने का मामला सामने आया था, जिसे उन्होंने साजिश बताया। मंत्री के मुताबिक, इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने नकल और परीक्षा में अनियमितताओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। सरकार का दावा है कि नकलरोधी कानून के बाद परीक्षा व्यवस्था को ज्यादा पारदर्शी बनाने की दिशा में काम हुआ है।

Exit mobile version