raibarexpress Blog Uncategorized उत्तराखंड में वन्यजीव संरक्षण को मजबूती, राजाजी टाइगर रिजर्व को मिलेगी स्पेशल टाइगर फोर्स..
Uncategorized

उत्तराखंड में वन्यजीव संरक्षण को मजबूती, राजाजी टाइगर रिजर्व को मिलेगी स्पेशल टाइगर फोर्स..

उत्तराखंड में वन्यजीव संरक्षण को मजबूती, राजाजी टाइगर रिजर्व को मिलेगी स्पेशल टाइगर फोर्स..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में वन्यजीव संरक्षण को और मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई उत्तराखंड वन्यजीव बोर्ड की बैठक में राजाजी टाइगर रिजर्व के लिए भी स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (STPF) गठित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में वन्यजीवों की सुरक्षा, मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और संरक्षित क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जाए।

कॉर्बेट की तर्ज पर राजाजी में होगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था

राज्य में पहले से कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स तैनात है। अब इसी मॉडल को राजाजी टाइगर रिजर्व में भी लागू किया जाएगा। इससे बाघों और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और रिजर्व क्षेत्र में गश्त व निगरानी को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि बढ़ते पर्यटन और वन्यजीवों की संख्या को देखते हुए संरक्षित क्षेत्रों में सुरक्षा तंत्र को आधुनिक और मजबूत बनाना जरूरी है। बैठक में सीएम धामी ने प्रदेश में प्रस्तावित 10 ट्रांजिट सेंटरों के निर्माण और संचालन से जुड़ी कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। इन केंद्रों का उद्देश्य मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति में बेहतर प्रबंधन और वन्यजीवों के सुरक्षित संरक्षण में मदद करना है। सीएम ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

उत्तराखंड देश के प्रमुख वन्यजीव राज्यों में शामिल है। यहां कॉर्बेट और राजाजी जैसे महत्वपूर्ण टाइगर रिजर्व मौजूद हैं। सरकार लगातार वन्यजीव सुरक्षा, जंगलों की निगरानी और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने के लिए नई योजनाओं पर काम कर रही है। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वन्यजीव संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि राज्य की जैव विविधता और वन्यजीव संपदा को बेहतर सुरक्षा मिल सके।

 

 

 

Exit mobile version