उत्तराखंड के विकास में प्रवासियों की भागीदारी बढ़ाने की तैयारी, 13 नवंबर को होगा सम्मेलन..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के प्रवासियों को प्रदेश के विकास से जोड़ने की दिशा में सरकार एक बार फिर बड़ा आयोजन करने जा रही है। आगामी 13 नवंबर को देहरादून विश्वविद्यालय में तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश और विदेश में अपनी मेहनत, प्रतिभा और कार्यक्षमता के दम पर अलग पहचान बना रहे हैं। प्रवासी उत्तराखंडियों के पास विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव और विशेषज्ञता है, जिसका लाभ प्रदेश के विकास में लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन प्रवासियों को अपनी जन्मभूमि और जड़ों से जोड़ने के साथ ही राज्य की विकास यात्रा में उनकी भागीदारी बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
निवेश और रोजगार के नए अवसरों पर होगा फोकस
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन के दौरान प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ सार्थक संवाद के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। उनके सुझावों और अनुभवों को गंभीरता से सुना जाए, ताकि प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने प्रवासियों को पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में प्रवासियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है। उनके अनुभव और विशेषज्ञता से प्रदेश में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
लोकसंस्कृति और परंपराओं की दिखेगी झलक
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से प्रवासियों को देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलना चाहिए। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और सौंदर्यीकरण से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा गया है, ताकि देश-विदेश से आने वाले प्रवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
दो प्रमुख विषयों पर होंगे विशेष सत्र
तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का आयोजन देहरादून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विकसित उत्तराखंड के निर्माण में प्रवासियों की भूमिका पर विशेष चर्चा होगी। इसके अलावा ‘हौसलों की उड़ान : उत्तराखंड के युवा संघर्ष से सफलता के शिखर तक’ विषय पर भी विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के जरिए राज्य से बाहर रह रहे उत्तराखंडियों के अनुभवों, विचारों और सुझावों को विकास योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि प्रवासी उत्तराखंडी केवल अपनी जन्मभूमि से भावनात्मक रूप से ही नहीं, बल्कि निवेश, रोजगार और सामाजिक योगदान के माध्यम से भी प्रदेश की प्रगति में सहभागी बनें।

