February 12, 2026
उत्तराखंड

13 फरवरी से औली में नेशनल विंटर गेम्स का आगाज, सीएम धामी करेंगे उद्घाटन..

13 फरवरी से औली में नेशनल विंटर गेम्स का आगाज, सीएम धामी करेंगे उद्घाटन..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में शुक्रवार से नेशनल विंटर गेम्स का आगाज होने जा रहा है। लंबे इंतजार और पर्याप्त बर्फबारी के बाद इस बार प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह है। गुरुवार को खिलाड़ियों के औली पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जो शुक्रवार सुबह 8 बजे तक चलेगी। शुक्रवार 13 फरवरी को सुबह 11 बजे सीएम पुष्कर सिंह धामी औपचारिक रूप से नेशनल विंटर गेम्स का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह से पहले सुबह संयुक्त स्लालम रेस आयोजित किए जाने की तैयारी है, हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय तकनीकी समिति की बैठक में लिया जाएगा।

पिछले चार वर्षों से औली में पर्याप्त बर्फबारी न होने के कारण राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता आयोजित नहीं हो पा रही थी। इस बार अच्छी बर्फबारी ने खेलों के आयोजन के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है। आयोजकों का कहना है कि इस बार ट्रैक की स्थिति बेहतरीन है और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देने की पूरी कोशिश की जा रही है। उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार देशभर से 17 टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित की गई हैं। इनमें से अधिकांश टीमें औली पहुंच चुकी हैं और बाकी टीमों के भी देर शाम तक पहुंचने की उम्मीद है। 16 फरवरी तक चलने वाले इस विंटर गेम्स में एल्पाइन स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग, स्नो माउंटेनिंग, स्नो शू रेस और औली मैराथन जैसे प्रमुख इवेंट आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा कई सांस्कृतिक और कार्निवल गतिविधियां भी खेलों के साथ आयोजित होंगी, जिससे स्थानीय लोग और पर्यटक भी इस उत्सव का हिस्सा बन सकेंगे।

चार साल के अंतराल के बाद औली में फिर से राष्ट्रीय स्तर की बर्फीली प्रतियोगिताएं आयोजित होने से खिलाड़ियों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे स्की खिलाड़ियों का कहना है कि औली की ढलानों पर खेलना हमेशा विशेष अनुभव होता है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और चुनौतीपूर्ण ट्रैक इसे देश के प्रमुख विंटर स्पोर्ट्स गंतव्यों में शामिल करते हैं। चमोली जिले में जोशीमठ के निकट स्थित औली समुद्र तल से लगभग 8,200 फीट की ऊंचाई पर बसा है और इसे देश की स्कीइंग कैपिटल के रूप में भी जाना जाता है। यहां तक पहुंचने के लिए गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों से सड़क मार्ग उपलब्ध है।

निकटतम हवाई अड्डा जौलीग्रांट (देहरादून) और पंतनगर है, जबकि ऋषिकेश, काठगोदाम और हल्द्वानी से भी सड़क मार्ग द्वारा जोशीमठ पहुंचा जा सकता है। जोशीमठ से औली की दूरी लगभग 10 किलोमीटर है, जिसे सड़क मार्ग या एशिया के सबसे लंबे रोपवे में से एक के जरिए तय किया जा सकता है। नेशनल विंटर गेम्स के आयोजन से औली में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय व्यवसायियों और होटल संचालकों को इस आयोजन से खास लाभ होने की संभावना है। खेल, पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के संगम के साथ औली एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में है।

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X