raibarexpress Blog उत्तराखंड आईआईटी रुड़की का स्थापना दिवस समारोह..
उत्तराखंड

आईआईटी रुड़की का स्थापना दिवस समारोह..

आईआईटी रुड़की का स्थापना दिवस समारोह..

 

 

उत्तराखंड: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में बुधवार को स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर संस्थान की उपलब्धियों, शैक्षणिक योगदान और गौरवशाली इतिहास को याद किया गया। वर्ष 1847 में स्थापित इस संस्थान ने अपनी विरासत के 180वें वर्ष में प्रवेश किया है। वहीं, आईआईटी के रूप में अपनी यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने का भी जश्न मनाया गया। समारोह में कर्नाटक की राज्यपाल और संस्थान की पूर्व छात्रा डॉ. सुधा यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग और उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। इस दौरान आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. प्रेम व्रत और टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आर. मुकुंदन विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत और उपनिदेशक प्रो. प्रवीण कुमार सहित शिक्षक, विद्यार्थी और पूर्व छात्र भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। मुख्य अतिथि डॉ. सुधा यादव ने आईआईटी रुड़की से अपने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि इस संस्थान में दोबारा आना उनके लिए गर्व और खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की ने जल संसाधन प्रबंधन, भूकंप इंजीनियरिंग, आपदा न्यूनीकरण, स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक तकनीकों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शोध और तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान में करने के लिए प्रेरित किया।

18 पूर्व छात्रों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मान
स्थापना दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण पूर्व छात्र पुरस्कार कार्यक्रम रहा। इसमें 12 पूर्व छात्रों को प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार, दो को प्रतिष्ठित युवा पूर्व छात्र पुरस्कार और चार को उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार से नवाजा गया। प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार प्राप्त करने वालों में प्रो. फैसल इरशाद खान, प्रो. दिनेश मोहन, पदम सिंह, रुचि वर्मण्य, डॉ. राजकुमार उपाध्याय, राजेश कुमार पाठक, डॉ. कपिल गर्ग, संजय शर्मा, सर्वेश महेश, सुमित जैन, डॉ. ए.के. सभरवाल और प्रो. ई. बालागुरुसामी शामिल रहे। वहीं, युवा पूर्व छात्र पुरस्कार रूपेश कुमार और नवनीत चहल को दिया गया। उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार के लिए डॉ. ओम प्रकाश कुलश्रेष्ठ, नवनीत बुटान, अंबुज कुमार और डॉ. श्रेयस कुमार का चयन किया गया।

रन फॉर लेगेसी और तकनीकी प्रदर्शनी बनी आकर्षण
स्थापना दिवस के अवसर पर 24 नवंबर से ही विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई थी। पहले दिन उद्यमिता, डीप टेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर विशेष संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिनमें उद्योग जगत के विशेषज्ञों और उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। बुधवार को पांच किलोमीटर की ‘रन फॉर लेगेसी’ का आयोजन किया गया। इसके अलावा 1999 बैच के पूर्व छात्रों के सहयोग से तैयार अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। समारोह में तकनीकी प्रदर्शनी के माध्यम से संस्थान के नवाचार और शोध कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया।

नए उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की पहल
संस्थान की ओर से उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रिसर्व के सहयोग से एलुमनी लेड वेंचर वॉल्ट पहल भी शुरू की जा रही है। इसके माध्यम से नए उद्यमियों को पुरस्कार राशि के साथ प्री-इन्क्यूबेशन सहायता उपलब्ध कराने की योजना है। वहीं, 26 नवंबर को संस्थान की पूर्व छात्रा विनिता गुप्ता उद्यमिता विषय पर विशेष व्याख्यान देंगी। संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि आईआईटी रुड़की की 180 वर्षों की यात्रा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में कई पीढ़ियों के योगदान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि संस्थान आगे भी शैक्षणिक गुणवत्ता और तकनीकी नवाचार के जरिए राष्ट्रीय एवं वैश्विक चुनौतियों के समाधान में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।

Exit mobile version