देहरादून में क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत, सीएम धामी ने मैदान में दिखाया खेल का जज्बा..
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में बुधवार को मंजुल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य लोग शामिल हुए। टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए सीएम धामी ने स्वयं मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उनके इस अंदाज ने उपस्थित युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और खेल के प्रति सकारात्मक माहौल बना।
अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की ताकत विकसित होती है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होती है। सीएम ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों का भी उल्लेख किया। सीएम ने कहा कि इन पहलों ने युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है। कुल मिलाकर, इस टूर्नामेंट के आयोजन से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिला है, बल्कि प्रदेश में खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

