raibarexpress Blog उत्तराखंड भर्ती में पारदर्शिता पर सीएम धामी का बड़ा बयान..
उत्तराखंड

भर्ती में पारदर्शिता पर सीएम धामी का बड़ा बयान..

 

भर्ती में पारदर्शिता पर सीएम धामी का बड़ा बयान..

बोले- 100 से ज्यादा नकल माफिया जेल भेजे, 34 हजार युवाओं को नौकरी..

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता और युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए देश के सबसे कड़े नकल विरोधी कानूनों में से एक लागू किया है। इस कानून के लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वाले 100 से अधिक नकल माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ बिना किसी सिफारिश और बिना किसी आर्थिक लेनदेन के लगभग 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दिलाई है। शुक्रवार को आयोजित युवा अग्निवीर संवाद कार्यक्रम में सीएम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और भरोसेमंद बनाने के लिए सरकार ने कठोर कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रतिभा और मेहनत के आधार पर युवाओं का चयन हो रहा है, जिससे सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बेटे-बेटियों को भी समान अवसर मिल रहे हैं।

भर्ती घोटालों का किया जिक्र

सीएम ने अपने संबोधन में पूर्व वर्षों में सामने आए भर्ती विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड के गठन के बाद विभिन्न सरकारों के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर कई सवाल उठे। उन्होंने कहा कि पहले भर्ती घोटालों में दोषियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जैसे ही भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामले सामने आए, सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नकल विरोधी कानून लागू किया और दोषियों को कानून के दायरे में लाया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ‘हाउस ऑफ हिमालय’ ब्रांड के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अब तक 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। इसके अलावा सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कृषि, पर्यटन और स्टार्टअप को मिल रहा बढ़ावा

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और बागवानी के क्षेत्र में भी कई नई योजनाओं पर काम कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से एप्पल मिशन, कीवी उत्पादन, ड्रैगन फ्रूट की खेती और सुगंधित फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड को फिल्म निर्माण, पर्यटन, कृषि, निर्यात और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान प्राप्त हुए हैं। इन पहलों से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। राज्य सरकार की योजनाओं का सकारात्मक असर ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है और अब कई लोग अपने पैतृक गांवों की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब तक करीब 45 लाख श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं या यात्रा से जुड़े हैं।

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड की भौगोलिक और विकास संबंधी चुनौतियों को अच्छी तरह समझती है। उन्होंने कहा कि राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप केंद्र से लगातार सहयोग मिल रहा है, जिससे आधारभूत ढांचे, पर्यटन, सड़क, रेल और अन्य विकास परियोजनाओं को गति मिली है। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की कार्यशैली का परिणाम बताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वय से उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

 

 

Exit mobile version