देहरादून-सहारनपुर रेल परियोजना पर बड़ा अपडेट, 6500 करोड़ की लागत से बनेगा नया रूट..
उत्तराखंड: देहरादून से दिल्ली यात्रा करने वाले लोगों के लिए अब सफर और आसान होने वाला है। एक्सप्रेसवे के साथ-साथ रेलवे भी यात्रियों को नई सौगात देने जा रहा है। देहरादून मोहंड सहारनपुर के बीच 92.6 किमी लंबी नई रेल लाइन बिछाने की तैयारी शुरू हो चुकी है, जिससे दिल्ली तक पहुंचने में करीब दो घंटे का समय बचाया जा सकेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 6500 करोड़ रुपये की लागत आएगी। बताया जा रहा है कि परियोजना का फाइनल लोकेशन सर्वे अंतिम चरण में है और इसके बाद डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जाएगी। हालांकि देहरादून मसूरी रेल लाइन परियोजना को लेकर फिलहाल इंतजार करना होगा क्योंकि इस पर रेलवे बोर्ड की तरफ से अभी स्वीकृति नहीं मिली है। नए रेल मार्ग के बन जाने से देहरादून और दिल्ली के बीच संपर्क और बेहतर होगा, जिससे यात्रियों और पर्यटकों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी।
उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को लेकर नई संभावनाएं खुल रही हैं। प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर है कि देहरादून-सहारनपुर रेल लाइन परियोजना पर काम तेज़ी पकड़ चुका है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्राथमिक सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि फाइनल लोकेशन सर्वे जल्द ही पूरा होने वाला है। सबसे खास बात यह है कि यह परियोजना टनल आधारित होगी। मोहंड क्षेत्र में रेलवे ट्रैक बिछाने के लिए लंबी सुरंगें बनाई जाएंगी। परियोजना पूरी होने के बाद ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और यात्रियों को दिल्ली और सहारनपुर की ओर सफर में बड़ी राहत मिलेगी। प्रस्तावित रेल लाइन की कुल लंबाई 104.740 किमी होगी। इस रूट पर ट्रेनें 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी। मोहंड क्षेत्र में कई टनल निर्माण किए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना न सिर्फ यात्रा समय कम करेगी, बल्कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से और बेहतर तरीके से जोड़ेगी।
लंबे इंतजार के बाद देहरादून-सहारनपुर रेल परियोजना को लेकर कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। रेलवे के अनुसार इस नई लाइन पर औसतन प्रति किमी 62.05 करोड़ रुपये खर्च होंगे। लगभग 92.600 किमी लंबे इस रेल रूट पर कुल 6500 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना के सर्वे का कार्य मोनार्क सर्वेयर्स एंड इंजीनियरिंग कंसल्टेंट लिमिटेड को सौंपा गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना पूरी होने पर न सिर्फ उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से दिल्ली की दूरी और यात्रा समय कम होगा, बल्कि यात्रियों के लिए सफर भी और सुगम हो जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा उत्तराखंड को देहरादून-सहारनपुर रेल परियोजना से बहुत लाभ मिलेगा। देहरादून से दिल्ली आवाजाही करने वालों के लिए यह परियोजना गेमचेंजर साबित होगी। राज्य सरकार इन परियोजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए हरसंभव सहायता करेगी। वहीं लंबे समय से प्रतीक्षित देहरादून-मसूरी रेल लाइन परियोजना को अभी रेलवे बोर्ड की स्वीकृति नहीं मिल सकी है। इस योजना को अंग्रेजी शासनकाल से ही देखा जाता रहा है। लेकिन फिलहाल यह सपना अधूरा है। हाल ही में सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। मगर सर्वे पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा सका। रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद ही इस परियोजना पर काम आगे बढ़ सकेगा।


Leave feedback about this